हेल्प डेस्क पर मिल रही सुपवा में दाखिले की जानकारी, डिजाइन फैकेल्टी में चल रहा एडमिशन हेल्प डेस्क

हेल्प डेस्क पर मिल रही सुपवा में दाखिले की जानकारी, डिजाइन फैकेल्टी में चल रहा एडमिशन हेल्प डेस्क

26 जून तक कर सकेंगे यूजी कोर्सेज में दाखिल के लिए आवेदन

रोहतक। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) में एडमिशन प्रोसेस की जानकारी देने के लिए हेल्प डेस्क बनाया गया है। इस पर लगातार पहुंच रहे छात्रों व उनके अभिभावकों को विभिन्न कोर्स में दाखिले की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। उन्हें बताया जा रहा है कि 26 जून सुपवा में यूजी कोर्सेज में ऑनलाइन आवेदन करने का अंतिम दिन है।

सुपवा पहुंचने वाले छात्र व उनके अभिभावकों को किसी तरह की दिक्कत न हो, इसे ध्यान में रखते हुए हेल्प डेस्क बनाया गया है। जो छात्र किसी कारण से खुद ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सकते, उनके आवेदन भी यहीं पर कराने का इंतजाम किया गया है। हेल्प डेस्क पर प्रत्येक फैकेल्टी से दो-दो स्टाफ सदस्य तैनात किए गए हैं, ताकि वे अपनी फैकेल्टी व इसके तहत चल रहे विभागों की संपूर्ण जानकारी आगंतुकों को दे सकें। सोमवार को डीन अकेडमिक अफेयर्स डॉ अजय कौशिक व विजुअल आर्ट्स फैकेल्टी के एफसी विनय कुमार ने हेल्प डेस्क का दौरा किया और मौजूद स्टाफ सदस्यों को टिप्स भी दिए।

डॉ अजय कौशिक ने बताया कि हेल्प डेस्क सुबह 9 से शाम 5 बजे तक कार्यरत रहता है। इसके साथ ही अलग-अलग फैकेल्टी के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए चार मोबाइल नंबर व चार लैंड लाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। इन पर छात्र व अभिभावक दाखिले के संबंध में जानकारी लेने के साथ ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने या फिर फीस जमा कराने के दौरान आने वाली किसी भी समस्या के बारे में बात कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि कुलगुरु डॉ अमित आर्य के निर्देश पर एडमिशन प्रक्रिया को पूरी तरह से पारदर्शिता के साथ चलाया जा रहा है। ऐसे में छात्रों को रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख का इंतजार करने की बजाए जल्द ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना चाहिए, ताकि यूनिवर्सिटी अपने शेड्यूल के मुताबिक एडमिट कार्ड जारी करके प्रवेश परीक्षा व स्किल टेस्ट ले सके।