शुकतीर्थ में वीतराग स्वामी कल्याण देव जी की पुस्तक ‘अभिनंदन’ के द्वितीय संस्करण का विमोचन
पुस्तक विमोचन में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी रहे उपस्थित
देवभूमि शुकतीर्थ स्थित महर्षि शुकदेव आश्रम में वीतराग स्वामी कल्याण देव जी की पुस्तक 'अभिनंदन' के द्वितीय संस्करण के विमोचन हेतु राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी पधारे। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी ओमानंद जी महाराज द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर भागवतनगरी शुक्रताल एवं शुकतीर्थ ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में भी जानकारी दी गई।

वीतराग स्वामी कल्याण देव जी के जीवन के बारे में बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने पूरे जीवन में लगभग 300 शिक्षण संस्थाओं की स्थापना की। स्वामी कल्याण देव जी सन् 1945 से शुकतीर्थ आने लगे थे और उन्होंने इस क्षेत्र के विकास में बहुत योगदान दिया।
पुस्तक का विमोचन करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी ने कहा कि मैंने पूरी दुनिया में घूमकर यह पाया कि विश्व की सभी सभ्यताएँ और संस्कृतियाँ अपना अधिकतम योगदान इस विश्व को दे चुकी हैं, जबकि भारतीय संस्कृति में अभी देने के लिए सब कुछ बचा हुआ है। इसलिए पूरी दुनिया के कल्याण के लिए भारतीय संस्कृति को आधार मानकर लोगों को जीवनयापन करना होगा, ऐसा पूरी दुनिया समझने लगी है।

उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया से अगर ज्ञान माँगने लगें, तो पूरी दुनिया के लोग ज्ञान देने के लिए तत्पर हो जाते हैं, लेकिन ज्ञान देने का स्तर हर व्यक्ति का एक जैसा नहीं होता। उन्होंने देवताओं और राक्षसों में भी यही अंतर बताया। उन्होंने कहा कि 'राक्षस' का अर्थ भी रक्षा करने वाला होता है, परंतु जो केवल अपने हित के लिए, अपनी रक्षा के लिए और अपनी बात मानने वालों के लिए चलता है, वह राक्षस कहलाता है; और जो परोपकार के लिए, सबके हित की सोचकर पूरे समाज के लिए समाज का रक्षण करता है, वह देवता कहलाता है।
डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि हमारे देश के ऋषि-मुनियों ने घोर तपस्या कर ज्ञान की प्राप्ति की। उस ज्ञान को लेकर वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक गए। परोपकार, मानवीय संवेदनाएँ, परिवारजनों के प्रति करुणा और समाज के प्रति करुणा—यह सब हमारे ऋषि-मुनियों द्वारा दिया गया ज्ञान ही है। पाश्चात्य समाज के द्वारा दिया गया ज्ञान समाज के अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुँचा है, बल्कि केवल विद्वतजनों में ही रह जाता है। समाज के कल्याण के लिए अभी अथक परिश्रम करने की जरूरत है। ज्ञान प्राप्त करके उसे समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना हमारा लक्ष्य होना चाहिए। यही पुरुषार्थ है।
उन्होंने कहा कि एकांत में साधना करो और लोक/समाज में परोपकार करो, यही भारतीय नीति है। हमारे तीर्थ और मंदिर हमारे साधु-संन्यासियों द्वारा स्थापित किए गए हैं। ऐसे स्थानों पर जाकर लोग महसूस करते हैं और बताते हैं कि वहाँ का वातावरण अत्यंत ऊर्जावान एवं शुद्ध है। इसका यह कारण है कि उन स्थानों पर जो तपस्या चलती है, उसके कारण वहाँ का वातावरण ऊर्जावान एवं शुद्ध हो जाता है। ऐसी ही तपस्या वीतराग स्वामी कल्याण देव जी महाराज ने यहाँ पर रहकर की है। लोगों को समझ लेना चाहिए कि जो लोग इस प्रकार के तीर्थाटन एवं धर्म कार्यों को आउटडेटेड मानते हैं, उन्हें इस संस्कृति और सभ्यता को अपडेटेड मानना ही पड़ेगा—ऐसा समय आने वाला है।
कार्यक्रम में शुक्रताल के अधिकांश आश्रमों के अध्यक्ष, साधु-संत तथा संघ के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार, प्रांत प्रचारक अनिल कुमार, विभाग संघचालक प्रमोद कुमार, विभाग प्रचारक भूपेंद्र कुमार, विभाग कार्यवाह बृजेश कुमार, जिला संघचालक डॉ. तेजवीर, जिला कार्यवाह संजय लखान, जिला प्रचारक टीकम सिंह, धर्म जागरण विभाग के प्रचारक ईश्वर दयाल, जिला प्रचार प्रमुख सीताराम, श्रीराम आश्रम से विनोद शर्मा, सतीश कुमार, कविश एवं सतीश सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।


