नौएडा के नागरिकों को उनकी संपत्ति का मालिकाना हक दिलाने के लिए एनसीएफ का अभियान तेज, सामाजिक संगठनों का मिला समर्थन
नौएडा: नौएडा के नागरिकों को उनकी संपत्तियों का स्पष्ट एवं सुरक्षित मालिकाना हक मिल सके, इस उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत नौएडा सिटीजन फोरम (एन. सी. एफ.) के प्रतिनिधिमंडल ने डी.डी.आर.डब्ल्यू.ए. के अध्यक्ष एन.पी. सिंह एवं नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (एन.ई.ए.) के अध्यक्ष विपिन मल्हन से मुलाकात की।
बैठक में नौएडा के नागरिकों के संपत्ति संबंधी अधिकारों, मालिकाना हक तथा इससे जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही, इस अभियान को प्रभावी एवं व्यापक रूप से आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न सामाजिक एवं नागरिक संगठनों के सहयोग और सहभागिता को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

एनसीएफ की का. अध्यक्ष शालिनी सिंह ने कहा कि नौएडा के नागरिकों को उनकी संपत्तियों पर स्पष्ट, सुरक्षित एवं स्थायी मालिकाना हक मिलना एक महत्वपूर्ण नागरिक अधिकार का विषय है। इस दिशा में विभिन्न सामाजिक संगठनों, आर डब्ल्यू ए/एओए एवं नागरिक समूहों को साथ लेकर अभियान को व्यापक रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ. महेश कुमार अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्षा शालिनी सिंह, महासचिव प्रशांत त्यागी, प्रो. सुनीता जेटली, सचिव गरिमा त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष प्रदीप यादव, संजय त्रिपाठी, सहायक विधि सचिव कमल कौशिक सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।


