नोएडा की राजनीति में बड़ा उलटफेर! वैश्य समाज के बाद अब ब्राह्मण समाज महासंघ भी आया निखिल सिंघल के समर्थन में
ब्राह्मण समाज महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश मिश्रा ने निखिल सिंघल को सौंपा समर्थन पत्र; नोएडा में करीब 2 लाख वैश्य और 1.5 लाख ब्राह्मण मतदाताओं को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज।
नोएडा। नोएडा की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। कांग्रेस नेता एवं नोएडा हाईराइज फेडरेशन के अध्यक्ष निखिल सिंघल को अब वैश्य समाज के बाद ब्राह्मण समाज महासंघ का भी समर्थन मिला है। ब्राह्मण समाज महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश मिश्रा ने निखिल सिंघल को अपना समर्थन देने की घोषणा करते हुए उन्हें औपचारिक रूप से समर्थन पत्र भी सौंपा है।
नोएडा विधानसभा क्षेत्र में करीब 2 लाख वैश्य और 1.5 लाख ब्राह्मण मतदाताओं की अनुमानित संख्या को देखते हुए इन दोनों समाजों के प्रतिनिधियों की ओर से सामने आया समर्थन राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।
इस अवसर पर ब्राह्मण समाज महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश मिश्रा ने कहा कि “निखिल सिंघल लंबे समय से नोएडा के आम नागरिकों, फ्लैट खरीदारों और सोसायटियों से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं। उनकी सक्रियता और जनसमस्याओं के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए हमने उन्हें अपना समर्थन देने का निर्णय लिया है। नोएडा के विकास, जनहित और नागरिकों के अधिकारों के लिए काम करने वाले युवाओं को आगे आने का अवसर मिलना चाहिए।”
गौरतलब है कि इससे पहले अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासंगठन के अध्यक्ष विनय अग्रवाल के नेतृत्व में वैश्य समाज के प्रतिनिधियों ने भी निखिल सिंघल के समर्थन में अपनी बात रखी थी और कांग्रेस नेतृत्व से उन्हें नोएडा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाए जाने की मांग की थी।
अब ब्राह्मण समाज महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश मिश्रा द्वारा समर्थन पत्र सौंपे जाने के बाद निखिल सिंघल को लेकर सामाजिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
निखिल सिंघल पिछले कई वर्षों से नोएडा में फ्लैट रजिस्ट्री, बिल्डर समस्याओं, हाईराइज निवासियों के अधिकारों, मेट्रो विस्तार और बुनियादी सुविधाओं के मुद्दों को उठाते रहे हैं। कांग्रेस में शामिल होने के बाद उन्होंने गांवों, सेक्टरों और हाईराइज सोसायटियों में जनसंपर्क अभियान भी शुरू कर दिया है।
वैश्य समाज के बाद ब्राह्मण समाज का समर्थन और औपचारिक समर्थन पत्र, 2027 के नोएडा विधानसभा चुनाव से पहले निखिल सिंघल को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज।


