रामनिवास यादव बने भाजपा पिछड़ा मोर्चा के नोएडा के जिलाध्यक्ष
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़कर शुरू किया सामाजिक एवं राजनीतिक सफर, भाजयुमो में विभिन्न पदों पर निभा चुके हैं अहम जिम्मेदारी
नोएडा। भारतीय जनता पार्टी ने रामनिवास यादव को भाजपा पिछड़ा मोर्चा का नोएडा जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति से समर्थकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है।
किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले रामनिवास यादव का बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ाव रहा है। उन्होंने बाल्यावस्था से ही संघ के स्वयंसेवक के रूप में कार्य करते हुए सामाजिक एवं राष्ट्रवादी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके साथ ही वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, बजरंग दल एवं अन्य हिंदू संगठनों में भी सक्रिय रहे हैं।
रामनिवास यादव का राजनीतिक सफर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) से शुरू होकर विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों तक पहुंचा। उन्होंने भाजयुमो में मंडल उपाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, जिला मंत्री, दो बार जिला संयोजक तथा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के रूप में जिम्मेदारियां निभाईं। संगठनात्मक कार्यों के लिए वे कई जिलों में प्रवासी के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
वर्ष 2019 में भाजपा के सदस्यता अभियान के दौरान उन्हें प्रदेश कार्यालय में मॉनिटरिंग टीम का सदस्य बनाया गया था। इसके बाद वर्ष 2021 से वर्तमान तक वे भाजयुमो नोएडा के जिलाध्यक्ष के रूप में संगठन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
अब पार्टी ने उनके संगठनात्मक अनुभव और लंबे समय से किए जा रहे कार्यों को देखते हुए उन्हें भाजपा ओबीसी मोर्चा (पिछड़ा मोर्चा) नोएडा का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति को संगठन में उनकी सक्रियता और अनुभव को मिली नई जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है।


