जनगणना–2027 को सफल बनाने के लिए फोनरवा ने आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ की विशेष बैठक
स्व-गणना के प्रति नोएडा के निवासियों को जागरूक करने का आह्वान
नोएडा। भारत की जनगणना–2027 के अंतर्गत स्व-गणना (Self Enumeration) अभियान को सफल बनाने तथा नोएडा के अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से फोनरवा (FONRWA) द्वारा आज फोनरवा कार्यालय में आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी एवं प्रभारी, जनसंख्या गणना (Population Enumeration), नोएडा इंदु प्रकाश ने उपस्थित आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों को जनगणना–2027 की प्रक्रिया, स्व-गणना के महत्व तथा इसमें नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भारत की जनगणना–2027 के द्वितीय चरण अर्थात् जनसंख्या गणना के अंतर्गत स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक निर्धारित है। इस प्रक्रिया के माध्यम से नागरिक स्वयं अपने परिवार एवं आवास से संबंधित निर्धारित जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों से अनुरोध किया कि वे अपने-अपने सेक्टरों एवं आवासीय सोसाइटियों में इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा निवासियों को स्व-गणना की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़ों की शुद्धता एवं व्यापकता देश की भविष्य की विकास योजनाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। अतः सभी आरडब्ल्यूए को इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
फोनरवा महासचिव के.के. जैन ने कहा कि जनगणना केवल एक सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की राष्ट्रीय जिम्मेदारी है। जनगणना से प्राप्त आंकड़े सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, परिवहन, स्वच्छता एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए प्रभावी योजनाएं बनाने में सहायता प्रदान करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि फोनरवा सभी आरडब्ल्यूए एवं विभिन्न आवासीय सोसाइटियों के माध्यम से इस अभियान को नोएडा के प्रत्येक सेक्टर एवं परिवार तक पहुंचाने का प्रयास करेगी। सभी आरडब्ल्यूए से आग्रह किया गया है कि वे अपने व्हाट्सऐप ग्रुप, सूचना पट्ट, सामुदायिक बैठकों एवं अन्य उपलब्ध माध्यमों से निवासियों को जागरूक करें तथा अधिक से अधिक परिवारों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करें।
फोनरवा का संकल्प है कि जनसहभागिता के माध्यम से जनगणना–2027 को सफल बनाने में नोएडा की ओर से पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष पवन यादव, ,लाटसाहब लोहिया एडवोकेट,संजय चौहान, अशोक शर्मा, विनोद शर्मा, जी एस सचदेवा, श्रीमती अनीता, भूषण शर्मा, राजीव चौधरी, वी एस नेगी, मोहिंदर सिंह, आर के सिंह, सुभाष भाटी, दिनेश भाटी, प्रदीप कुमार , उत्कर्ष पांडे, प्रियेश कुमार गौर, राजीव रंजन आदि उपस्थित थे।


