जु-जित्सु चैंपियनशिप में प्रेसिडियम स्कूल का शानदार प्रदर्शन, खिलाड़ियों ने जीते आठ पदक
डॉ. महेश शर्मा ने किया उद्घाटन, मुख्य संरक्षक डॉ. यशवीर सिंह चौहान रहे उपस्थित
नोएडा। सेक्टर-31 स्थित प्रेसिडियम स्कूल के खिलाड़ियों ने छठी उत्तर प्रदेश राज्य जु-जित्सु चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल आठ पदक अपने नाम किए। 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्कूल के खिलाड़ियों ने फाइटिंग सिस्टम श्रेणी में तीन स्वर्ण और पांच रजत पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने किया। इस अवसर पर जु-जित्सु एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के मुख्य संरक्षक डॉ. यशवीर सिंह चौहान भी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, तकनीक और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रेसिडियम स्कूल की ओर से स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में मोहम्मद साजिद आलम, अद्वित मौर्य और कियारा रेक्सवाल शामिल रहे वहीं, खुशांक सिंह, रुद्रांश भारद्वाज, रेयांश चौहान, रुद्र चौहान और युवी भारद्वाज ने रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रेसिडियम स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. मानवता शारदा ने पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जु-जित्सु जैसे मार्शल आर्ट्स खेलों से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, एकाग्रता, शारीरिक फिटनेस और आत्मरक्षा की क्षमता विकसित होती है।
जु-जित्सु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव अमित अरोड़ा ने बताया कि उत्तर प्रदेश में जु-जित्सु खेल को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करने और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तकनीकी अधिकारियों को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने और आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी करने का अवसर प्रदान करती हैं।
चैंपियनशिप के आयोजन के साथ 24 से 26 अक्टूबर 2026 तक रेफरी सेमिनार भी आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य रेफरी एवं तकनीकी अधिकारियों के ज्ञान, नियमों की समझ और निर्णय लेने की क्षमता को बेहतर बनाना था। प्रतियोगिता एवं रेफरी सेमिनार में रेफरी पवन सिरोही और सिराज अहमद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर गौरव सती, मनीष गुलिया, प्रिया शर्मा और निशा भट्ट सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


