डिप्थीरिया और टेटनस से बचाव के लिए लगेगा टीका
गौतम बुद्ध नगर । डिप्थीरिया और टेटनस जैसे गंभीर संक्रामक रोगों से बच्चों की सुरक्षा के लिए जिले में 20 अप्रैल से 30 अप्रैल तक स्कूल-आधारित टेटनस-डिप्थीरिया (टीडी) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहाहै । इस अभियान के तहत पात्र स्कूली बच्चों को डीपीटी/टीडी बूस्टर डोज दी जाएगी, जिससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को और मजबूत किया जा सके।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आर के सिरोहा के अनुसार डिप्थीरिया के बढ़ते जोखिम और मौसमी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अभियान को चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। निर्धारित तिथियों में जिले के सरकारी व निजी स्कूलों में टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान कक्षा 1 में पढ़ने वाले बच्चों को डीपीटी-2 बूस्टर, कक्षा 4 और 5 के बच्चों को टीडी-10 तथा कक्षा 10 और 11 के विद्यार्थियों को टीडी-16 का टीका लगाया जाएगा । स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा स्कूलों में जाकर यह टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उबैद कुरैशी ने बताया कि विभाग का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। यदि किसी बच्चे को पहले टीडी बूस्टर नहीं लगा है, तो वह भी इस अभियान के दौरान टीका लगवा सकता है।
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार टीका पूरी तरह सुरक्षित है। सामान्यतः इसके कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं होते, हालांकि कुछ बच्चों में हल्का बुखार या दर्द हो सकता है, जिसके लिए मौके पर ही एएनएम द्वारा आवश्यक दवा उपलब्ध कराई जाती है। टीकाकरण के बाद बच्चों को करीब आधे घंटे तक निगरानी में रखा जाता है।
डॉ. कुरैशी ने बताया कि पहले की तुलना में अब अभिभावकों में जागरूकता बढ़ी है, फिर भी कुछ लोग टीकाकरण को आवश्यक नहीं मानते । ऐसे मामलों में उन्हें समझाया जाता है कि यह टीका टेटनस के साथ-साथ डिप्थीरिया जैसी गंभीर बीमारी से भी सुरक्षा प्रदान करता है और यह पूरी तरह निःशुल्क है।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को निर्धारित तिथियों 20, 21, 23, 24, 27, 28, 30 अप्रैल को स्कूल भेजें और टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।


