44 गांवों के शेष 4% प्लॉट से वंचित किसानों के संघर्ष को प्राधिकरण का सकरात्मक जवाब, 10 दिन का प्राधिकरण को दिया अल्टीमेटम
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र के 44 गांवों के शेष 4% प्लॉट से वंचित किसानों के हक की लड़ाई को आज एक सकारात्मक दिशा मिली है। किसानों द्वारा प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरने के आह्वान के क्रम में आज ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों एवं 44 गाँवो के किसानो के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।
इस वार्ता में एसीओ श्रीमती प्रेरणा, एसीओ सुमित यादव, ओएसडी झा जी, ओएसडी अभिषेक एवं ओएसडी मुकेश सिंह सहित 44 गांवों से आए किसान उपस्थित रहे।
बैठक में किसानों की एकमात्र मांग 4% आबादी प्लॉट से वंचित किसानों को उनका जायज अधिकार दिलाने के विषय पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। वार्ता के दौरान प्राधिकरण के अधिकारियों की ओर से इस मुद्दे पर सकारात्मक रुख देखने को मिला। अधिकारियों ने किसान प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि आगामी 10 दिनों के भीतर प्रस्ताव पर हुई कार्रवाई एवं प्रगति की जानकारी साझा करने के लिए पुनः वार्ता आयोजित की जाएगी।
किसान प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि वर्षों से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे 44 गांवों के लाखों वंचित किसान परिवारों को इसी नवंबर माह में सकारात्मक परिणाम प्राप्त होगा और उन्हें उनका जायज हक मिल सकेगा।
किसानो ने स्पष्ट किया कि हमारा उद्देश्य किसी भी प्रकार का टकराव या विवाद पैदा करना नहीं है, बल्कि सरकार द्वारा किसानों से किए गए वादों के अनुरूप अपना संवैधानिक एवं न्यायोचित अधिकार प्राप्त करना है।
यह संघर्ष किसी एक व्यक्ति या परिवार का संघर्ष नहीं, बल्कि 44 गांवों के लाखों किसान परिवारों और उनकी आने वाली पीढ़ियों के भविष्य एवं सम्मान से जुड़ा हुआ विषय है।
समस्त किसान भाइयों से अपील है कि वे आपसी एकजुटता, धैर्य और विश्वास बनाए रखें। आज की सकारात्मक वार्ता निश्चित रूप से हमारे सामूहिक संघर्ष को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हालांकि, जब तक प्रत्येक पात्र एवं वंचित किसान को उसका अधिकार नहीं मिल जाता, तब तक हमारा शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।


