फेलिक्स अस्पताल में रोबोटिक नी रिप्लेसमेंट सिस्टम का हुआ शुभारंभ

फेलिक्स अस्पताल में रोबोटिक नी रिप्लेसमेंट सिस्टम का हुआ शुभारंभ

मरीज की हड्डी के थ्रीडी मॉडल के आधार पर तय होगी सर्जरी की योजना, घुटने के प्रत्यारोपण सर्जरी में मदद करेगा स्वदेशी रोबोटिक सिस्टम 

नोएडा। घुटने के प्रत्यारोपण (नी रिप्लेसमेंट) की सर्जरी को अधिक सटीक और मरीज की जरूरतों के अनुसार बनाने के उद्देश्य से फेलिक्स अस्पताल, सेक्टर-137 में सोमवार को स्वदेशी रोबोटिक नी रिप्लेसमेंट सिस्टम ‘मिसो’ का पूजन कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अस्पताल के चेयरमैन डॉ. डी.के. गुप्ता और मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. रश्मि गुप्ता के साथ डॉ. अंचित उप्पल, डायरेक्टर – ऑर्थोपेडिक्स एवं चीफ जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जन, डॉ. बिनय कुमार साहू, सीनियर कंसल्टेंट – ऑर्थोपेडिक्स एवं जॉइंट रिप्लेसमेंट, डॉ. पीयूष, सीनियर कंसल्टेंट –ऑर्थोपेडिक्स तथा डॉ. राहुल रे, कंसल्टेंट – ऑर्थोपेडिक्स, रोबोटिक एवं जॉइंट रिप्लेसमेंट, ट्रॉमा एवं स्पोर्ट्स इंजरी सहित अस्पताल के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

फेलिक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ डीके गुप्ता ने बताया कि नई तकनीक से घुटने की सर्जरी के दौरान हड्डी की कटिंग अधिक सटीक तरीके से करने में सर्जन को मदद मिलेगी। इस सिस्टम की खासियत है कि यह मरीज के घुटने की बनावट के अनुसार तैयार की गई योजना पर काम करता है। इसे भारत में ही डिजाइन और निर्मित किया गया है। इस रोबोटिक सिस्टम का उद्देश्य घुटने के प्रत्यारोपण की प्रक्रिया में सर्जन की कार्यक्षमता और सटीकता को बेहतर बनाना है। ऑपरेशन की कमान सर्जन के हाथ में ही रहती है। रोबोटिक आर्म हड्डी की कटिंग करने में सर्जन की सहायता करता है। इससे पारंपरिक सर्जरी में इस्तेमाल होने वाले मेटल कटिंग गाइड (जिग्स) की आवश्यकता नहीं पड़ती।

इस तकनीक में सर्जरी से पहले मरीज के घुटने का सीटी स्कैन किया जाता है। इसके आधार पर घुटने की हड्डियों का त्रिआयामी (थ्रीडी) मॉडल तैयार होता है। सर्जन इसी मॉडल पर प्रत्यारोपित किए जाने वाले कृत्रिम जोड़ की स्थिति और हड्डी की कटिंग की योजना बनाते हैं। ऑपरेशन के दौरान रोबोटिक आर्म इसी योजना के अनुसार कटिंग करने में मदद करता है। इससे प्रत्येक मरीज की हड्डियों की बनावट के हिसाब से सर्जरी की योजना तैयार की जा सकती है। यदि ऑपरेशन के दौरान वास्तविक स्थिति स्कैन में दिखाई गई बनावट से कुछ अलग मिलती है तो सर्जन योजना में बदलाव भी कर सकते हैं।

चार खूबियों से लैस है रोबोटिक सिस्टम:
डॉ रश्मि गुप्ता ने बताया कि रोबोटिक सिस्टम को चार प्रमुख खूबियों के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें पहली खूबी एजाइल है, जिसके तहत सर्जरी के दौरान जरूरत पड़ने पर योजना में बदलाव किया जा सकता है। साथ ही हड्डियों के बीच के अंतर (गैप) की जांच कटिंग से पहले, कटिंग के दौरान और बाद में की जा सकती है। इससे प्रत्यारोपित किए जाने वाले जोड़ के संतुलन को बेहतर बनाने में मदद मिलती है। दूसरी खूबी सुरक्षा से जुड़ी है। ऑपरेशन के दौरान यदि हड्डी अपनी निर्धारित स्थिति से हिलती है तो सिस्टम कटिंग रोक देता है। हड्डी को दोबारा सही स्थिति में लाने पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है। इसके अलावा रोबोटिक आर्म किसी व्यक्ति या दूसरी वस्तु के संपर्क में आने पर रुक जाता है। इसमें आपातकालीन स्थिति के लिए इमरजेंसी स्टॉप और मैनुअल नियंत्रण की सुविधा भी दी गई है।

तीसरी खूबी सटीकता है। सिस्टम एक मिलीमीटर से भी कम स्तर की सटीकता के साथ कटिंग करने में सक्षम है। हाथ से कटिंग के दौरान होने वाले कंपन को कम करने और हड्डी में छोटे छेद बनाने जैसी बारीक प्रक्रियाओं में भी यह मददगार  है। चौथी खूबी पर्सनलाइज्ड सर्जरी है। इसमें सभी मरीजों के लिए एक जैसी योजना अपनाने के बजाय उनकी हड्डियों की बनावट के अनुसार अलग-अलग योजना तैयार की जाती है।

मरीजों को मिलेंगे कई फायदे:
अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक रोबोटिक तकनीक से सर्जरी करने का उद्देश्य चीरे के निशान कम करने, दर्द और रक्तस्राव घटाने तथा आसपास के ऊतकों को कम नुकसान पहुंचाने में मदद करना है। इसके अलावा अस्पताल में भर्ती रहने की अवधि, संक्रमण का खतरा और सामान्य दिनचर्या में लौटने में लगने वाले समय को कम करने की दिशा में भी यह तकनीक उपयोगी हो सकती है। हालांकि इन फायदों का वास्तविक परिणाम मरीज की शारीरिक स्थिति, बीमारी की गंभीरता और सर्जरी की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।

पांच चरणों में पूरी होती है प्रक्रिया:
रोबोटिक सिस्टम के माध्यम से सर्जरी की प्रक्रिया पांच प्रमुख चरणों में पूरी होती है। पहले चरण में रोबोटिक सिस्टम को ऑपरेशन के लिए तैयार किया जाता है। दूसरे चरण में मरीज की हड्डियों की मैपिंग की जाती है। तीसरे चरण में हड्डियों के बीच के अंतर और जोड़ के संतुलन की जांच होती है। चौथे चरण में रोबोटिक आर्म की मदद से तय योजना के अनुसार हड्डी की कटिंग की जाती है। अंतिम चरण में की गई कटिंग का पहले से तैयार योजना से मिलान कर उसकी पुष्टि की जाती है। स्वदेशी रोबोटिक तकनीक के इस्तेमाल से घुटने के प्रत्यारोपण की सर्जरी में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार होगा। भारत में निर्मित होने के कारण भविष्य में यह तकनीक मरीजों के लिए अधिक सुलभ विकल्प भी बनेगी।