शहीदों की याद में किया पौधारोपण, देशभक्ति के साथ पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
महर्षि यूनिवर्सिटी में देशभक्ति के रंग में रंगा पूरा कैंपस, 500 पौधे लगाने का लिया संकल्प
नोएडा। महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, नोएडा कैंपस में स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान सभी ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और देश की रक्षा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत नृत्य और गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों में देश की गौरवगाथा, सैनिकों के साहस और आजादी के महत्व को खूबसूरती से दिखाया गया। प्रस्तुतियों ने मौजूद लोगों में देश के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद विंग कमांडर ए.के. द्विवेदी को सम्मानित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। उन्हें पढ़ाई के साथ अनुशासन, समर्पण और जिम्मेदारी की भावना को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से देश के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डीन एकेडमिक्स डॉ. तृप्ति अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि आजादी हमें कई बलिदानों के बाद मिली है और इसे मजबूत बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने देशभक्ति, एकता, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह का एक खास आकर्षण पौधरोपण अभियान रहा। इस मौके पर शहीद जवानों की स्मृति में 500 पौधे लगाने का संकल्प लिया गया। इस अभियान की अगुवाई श्री गिरिश अग्निहोत्री ने की। पौधरोपण के माध्यम से शहीदों के बलिदान को याद करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों ने कहा कि एक पेड़ को शहीद की स्मृति से जोड़ना देशभक्ति को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की अनूठी पहल है। जिस तरह जवान देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करते हैं, उसी तरह पेड़ आने वाली पीढ़ियों के जीवन और पर्यावरण की रक्षा करते हैं।
कार्यक्रम में डिप्टी डीन एकेडमिक्स, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर, सभी विभागों के डीन, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स मौजूद रहे। रंगारंग प्रस्तुतियों और प्रेरणादायक संबोधन ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि देश की आजादी केवल अधिकार नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। सभी ने देश की एकता, प्रगति और पर्यावरण संरक्षण के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।


