वोट बचाओ–देश बचाओ महारैली की तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न 

वोट बचाओ–देश बचाओ महारैली की तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न 

जिला कांग्रेस कार्यालय ग्रेटर नोएडा वेस्ट पर दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली कांग्रेस पार्टी की "वोट बचाओ–देश बचाओ" महारैली की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी, गौतमबुद्ध नगर कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने जनपद के कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ रैली की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया।

बैठक प्रारंभ होने से पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद एवं जिलाध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि तथा देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर दोनों महान विभूतियों के राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को स्मरण किया गया।

इसके पश्चात कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद ने कहा कि आज का दिन हमें देश के दो ऐसे महान व्यक्तित्वों की याद दिलाता है, जिन्होंने भारत की एकता, अखंडता और मजबूती के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। एक ओर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया, वहीं दूसरी ओर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश की संप्रभुता, स्वाभिमान और मजबूती के लिए अदम्य साहस का परिचय दिया।

इन महान विभूतियों को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके आदर्शों पर चलते हुए देश के संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़े हों। उन्होंने कहा कि "वोट बचाओ–देश बचाओ" महारैली केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक भविष्य, संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और आम नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए एक निर्णायक जनआह्वान है।

भारत का संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता और अपने प्रतिनिधियों को चुनने का अधिकार देता है। हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं ने जिस लोकतांत्रिक भारत की कल्पना की थी, उसकी आत्मा जनता के मताधिकार में बसती है। यदि किसी भी नागरिक का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से हटता है अथवा चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं, तो उसकी पारदर्शी जांच और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है। कांग्रेस पार्टी इसी लोकतांत्रिक अधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है।"

कांग्रेस जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी लगातार देश के संविधान, लोकतंत्र और आम नागरिक के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनका यह संघर्ष केवल सत्ता परिवर्तन के लिए नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास को मजबूत बनाए रखने के लिए है। गौतमबुद्ध नगर का प्रत्येक समर्पित कांग्रेस कार्यकर्ता इस संघर्ष में उनके साथ मजबूती से खड़ा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे। जनपद की दादरी, जेवर और नोएडा विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से रैली में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि कल दिल्ली का रामलीला मैदान लोकतंत्र की रक्षा के लिए उठने वाली जनआवाज का साक्षी बनेगा। हम गौतमबुद्ध नगर की धरती से यह संकल्प लेकर दिल्ली पहुंचेंगे कि देश के संविधान, मताधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हमारा संघर्ष किसी भी परिस्थिति में कमजोर नहीं पड़ेगा। वोट की रक्षा ही लोकतंत्र की रक्षा है और लोकतंत्र की रक्षा ही देश के भविष्य की रक्षा है।

बैठक के दौरान बृजेश आर्या, महाराज सिंह, मुकेश शर्मा, निशा शर्मा, धर्म सिंह, नीरज लोहिया, विजय नागर, सुबोध भट्ट, बिन्नू भाटी, डॉ रतनपल, असगर अली, रमेश जीनवाल, धीरा सिंह, सचिन भाटी, दिनेश शर्मा, इंद्रेश कुमार आदि लोग मौजूद रहे।