78वें स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे से लिपटी भारत माँ

78वें स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे से लिपटी भारत माँ

नोएडा। 78वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चैलेंजर्स ग्रुप द्वारा सेक्टर- 22 स्थित चौड़ा रघुनाथपुर में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चैलेंजर्स की पाठशाला के छात्र-छात्राओं ने स्वतंत्रता सेनानियों, अमर शहीदों और बलिदानियों को अनूठे अंदाज़ में श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने देशभक्ति गीत, रैली, कविताओं और नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से आज़ादी के महान संघर्ष और उसमें दिए गए बलिदानों को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण तिरंगे से लिपटी भारत माँ की भव्य झांकी रही, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। पूरा परिसर तिरंगे की थीम और देशभक्ति के रंगों से सराबोर रहा।

चैलेंजर्स ग्रुप के संस्थापक श्री प्रिंस शर्मा ने कहा, स्वतंत्रता दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि उन स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर हमें स्वतंत्र भारत का उपहार दिया।

चैलेंजर्स ग्रुप की यह पहल न केवल बच्चों में देशभक्ति की भावना जागृत करने में सफल रही, बल्कि समाज में राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी प्रसारित किया, इस मौके पर रोशनी कुमारी, अंशु, अंशिक, तमन्ना, अर्जुन, सुंदरम, ललिता, काजल, आदि साथी मौजूद रहे