इशिता नेगी ने रचा इतिहास, इंडिया जूनियर इंटरनेशनल ग्रां प्री में बनीं पहली भारतीय महिला एकल चैंपियन

इशिता नेगी ने रचा इतिहास, इंडिया जूनियर इंटरनेशनल ग्रां प्री में बनीं पहली भारतीय महिला एकल चैंपियन

नोएडा। दिल्ली स्टेट चैंपियन और सनराइज शटलर्स बैडमिंटन अकादमी की प्रतिभाशाली खिलाड़ी इशिता नेगी ने भारतीय जूनियर बैडमिंटन में एक नया इतिहास रच दिया है। इशिता ने इंडिया जूनियर इंटरनेशनल ग्रां प्री के महिला एकल वर्ग का खिताब जीतकर यह उपलब्धि हासिल की कि वह इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में महिला एकल का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं।

फाइनल मुकाबले में इशिता ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए गाथा सूर्यवंशी को सीधे गेमों में हराकर (21-18,21-19) खिताब अपने नाम किया।

यह जीत भारतीय जूनियर बैडमिंटन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे पहले कई भारतीय खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन महिला एकल वर्ग में भारतीय खिलाड़ी खिताब जीतने में सफल नहीं हो सकी थीं। 2022 में उन्नति हुड्डा ने फाइनल तक पहुंचकर उपविजेता का स्थान हासिल किया था।

इशिता की यह ऐतिहासिक सफलता सनराइज शटलर्स बैडमिंटन अकादमी, नोएडा के लिए भी गर्व का विषय है, जहां वह नियमित रूप से उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनकी सफलता अकादमी में युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने के निरंतर प्रयासों को भी दर्शाती है।

सनराइज शटलर्स बैडमिंटन अकादमी की ओर से इशिता नेगी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।