देशभक्ति और उत्साह के साथ महर्षि यूनिवर्सिटी, नोएडा कैंपस में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
नोएडा। महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ़ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, नोएडा कैंपस में 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े ही जोश और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह कैंपस प्रांगण तिरंगे की शोभा से दमक उठा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व न्यायाधीश जस्टिस हरीश गुप्ता और गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में लेफ्टिनेंट कर्नल सुधीर कुमार (सेवानिवृत्त) ने शिरकत की।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रध्वज फहराने के साथ हुई, जिसके बाद पूरा कैंपस राष्ट्रगान की गूंज से गूंज उठा। डीन अकादमिक डॉ. तृप्ति अग्रवाल ने अपने स्वागत भाषण में स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व और आज के युवा वर्ग की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता बल्कि सामाजिक योगदान में भी अग्रणी बनने का संदेश दिया।
विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, समूह नृत्य और नाट्य मंचन ने सभी का मन मोह लिया। रंगारंग प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानों को जीवंत कर दिया।
मुख्य अतिथि जस्टिस हरीश गुप्ता ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और संवैधानिक मूल्यों के पालन का संदेश दिया। वहीं गेस्ट ऑफ ऑनर लेफ्टिनेंट कर्नल सुधीर कुमार ने सेना में अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को अनुशासन और देश सेवा के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर विश्वविद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्टाफ सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन ‘राष्ट्र गान ’ के साथ हुआ, जिसमें सभी ने एक स्वर में राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


