नोएडा में 'एमएसएमई,ओडीओपी एवं ओडीओसी बिजनेस कॉन्क्लेव 2026' का भव्य आयोजन
एमएसएमई के लिए 500 एकड़ जमीन आवंटित
नोएडा। राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन और 'उद्योग संवाद' के संयुक्त तत्वावधान में सेक्टर-18 स्थित होटल में दो दिवसीय भव्य एमएसएमई, ओडीएसपी/ओडॉप (ODOP) एवं ओडॉक (ODOC) बिजनेस कॉन्क्लेव 2026' और एक्सपो का गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस उच्च स्तरीय कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उद्योग आयुक्त (Industry Commissioner) के. विजेंद्र पांडियन द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

यूपी सरकार की बड़ी घोषणा: एमएसएमई को 500 एकड़ जमीन और प्राइवेट इंडस्ट्रियल पार्क को मंजूरी
कॉन्क्लेव के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए एमएसएमई क्षेत्र के विकास के लिए बड़ी घोषणाएं कीं। कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने अपने संबोधन में बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में एमएसएमई यूनिट्स के लिए 500 एकड़ जमीन आवंटित कर दी है।

इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश के सभी जिलों में निजी क्षेत्र द्वारा इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने का रास्ता साफ हो गया है। यदि किसी निवेशक या संगठन के पास 15 एकड़ जमीन उपलब्ध है, तो वहां प्राइवेट इंडस्ट्रियल पार्क बनाया जा सकता है। सरकार इस पार्क तक पहुँचने के लिए 2.5 किलोमीटर तक सड़क निर्माण और बिजली पहुँचाने की पूरी जिम्मेदारी उठाएगी, जबकि पार्क को स्वयं निवेशक विकसित कर निजी क्षेत्र में प्लॉट आवंटित कर सकेंगे।
वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन' (ODOC) बनेगा अर्थव्यवस्था की नई ताकत
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए उद्योग आयुक्त के. विजेंद्र पांडियन ने कहा कि एमएसएमई और ओडॉप उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। मुख्यमंत्री के विजन को आगे बढ़ाते हुए अब 'वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन' (ODOC) के माध्यम से प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को वैश्विक पहचान दिलाने का जो प्रयास इस मंच से शुरू हुआ है, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि सरकार नीतियों को सरल बना रही है ताकि स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार मिल सके। उन्होंने सिंगल विंडो सिस्टम और एमएसएमई सब्सिडी का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया।
वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और विशेषज्ञों ने साझा किए विचार
कॉन्क्लेव में बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए मेरठ जोन के अपर आयुक्त (उद्योग) उमेश सिंह ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में औद्योगिक संभावनाओं और सरकारी सहूलियतों पर अपनी बात रखी। दिल्ली औद्योगिक विकास विभाग के डीएफओ (DFO) राजेश कुमार भारती ने राजधानी और एनसीआर क्षेत्र के बीच व्यापारिक तालमेल व क्लस्टर विकास के महत्व को रेखांकित किया।
केंद्रीय एमएसएमई मंत्रालय से पधारे पीएमएस (PMS) एम. गोविंदराज ने उद्यमियों को मंत्रालय की नई योजनाओं, वित्तीय प्रोत्साहन और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के लाभ उठाने के गुर सिखाए। वहीं, नोएडा के मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी (CVO) डॉ. अरुण सचान ने कृषि, डेयरी और उससे जुड़े सहायक फूड प्रोसेसिंग उद्योगों के विकास व उनकी तकनीकी बारीकियों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल तथा गौतमबुद्धनगर लोकसभा सांसद डॉ. महेश शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
व्यापारिक नेतृत्व और एक्सपो का आकर्षण
कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित गुप्ता ने सभी अतिथियों का आभार जताया। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय वरिष्ठ महामंत्री दीपक अग्रवाल, राष्ट्रीय महामंत्री गोविंद बाबू टाटा, मनोज मद्धेशिया, सानू गुप्ता , जिला अध्यक्ष संजय गोयल, राष्ट्रीय मंत्री संजय गुप्ता सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस दो दिवसीय कॉन्क्लेव में देश-प्रदेश से आए सैंकड़ों उद्यमियों, निर्यातकों और व्यापारिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। ओडॉक (ODOC) एक्सपो में विभिन्न जिलों के अनूठे उत्पादों और क्षेत्रीय व्यंजनों के स्टॉल्स मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे, जिन्हें मुख्य अतिथि के. विजेंद्र पांडियन, अपर आयुक्त उद्योग उमेश सिंह, जगत नारायण अग्रवाल, आलोक कुमार आर्य, रविंद्र जायसवाल, गजेंद्र शर्मा, शिवम विश्नोई, उल्लास, गुलशन, पवन अग्रवाल संजय गुप्ता सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारियों ने बारीकी से देखा और उनकी सराहना की।


