बाल दिवस पर अनाथ आश्रम के बच्चे आउटस्टैंडिंग टैलेंट अवार्ड से सम्मानित

बाल दिवस पर अनाथ आश्रम के बच्चे आउटस्टैंडिंग टैलेंट अवार्ड से सम्मानित

विभिन्न क्षेत्रों की चार विभूतियों को मिला विशेष सम्मान

"साहित्य वेलफेयर कल्चरल एंड स्पोर्ट्स फेडरेशन'  एवं 'शब्दावली दर्पण न्यूज़' के संयुक्त बैनर तले वरिष्ठ साहित्यकार एवं पूर्व अधिकारी डॉ देवव्रत शर्मा 'अयन' की अध्यक्षता व मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार आनंद क्रांति वर्धन तथा नूतन अग्रवाल के उत्कृष्ट मंच संचालन में बरोला सेक्टर 49 नोएडा स्थित साहित्य सदन के "साहित्यम् मंडपम्" में बाल दिवस के अवसर पर एक भव्य शब्दावली कवि सम्मेलन व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

देर रात तक चले इस कार्यक्रम में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में 'चार दिशाएं' के चीफ़ एडिटर राजकुमार शर्मा की महत्वपूर्ण उपस्थिति रही। विशिष्ट अतिथि की भूमिका में बेंगलुरु से पधारी साहित्यकार रीता सिंह, यू के भारद्वाज, किशोर श्रीवास्तव रहे। कार्यक्रम का संयोजन अयोध्या की कवित्री व फेडरेशन की उपाध्यक्ष किरन सिंह 'किरण' द्वारा किया गया।

आयोजन में अनाथ आश्रम के मेधावी बच्चों को मोमेंटो, प्रशस्ति प्रमाण पत्र, मेडल, उपहार देकर "आउटस्टैंडिंग टैलेंट अवार्ड" से विधिवत् सम्मानित किया गया। इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों में जनहित में विशेष एवं सराहनीय कार्य करने वाले चार विभूतियों को भी सम्मानित किया गया। समाज सेवा के लिए डॉक्टर शेखर विश्वास एवं डॉक्टर सोनाली कटारिया, भारतीय संस्कृति के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नृत्यांगना गुरु अनुराधा शर्मा, साहित्यिक क्षेत्र में प्रबुद्ध साहित्यकार डॉ० विक्रम गौड़ 'रसिक' को उनके विशेष योगदान के लिए विधिवत् सम्मानित किया गया।

इस मौके पर बच्चों की प्रतिभा का प्रदर्शन/प्रस्तुति देखते ही पूरा सभागार मंत्र मुग्ध हो गया। अतिथियों के साथ-साथ सभी ने बच्चों  के टैलेंट की मुक्त कंठ से भूरी भूरी प्रशंसा की। कविताओं का दौर बखू़बी चला, जिसमें मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, भिवानी- हरियाणा, आगरा के साथ-साथ एनसीआर के लगभग तीन दर्ज़न कलमकारों द्वारा विभिन्न विधाओं पर आधारित रचनाओं की शानदार प्रस्तुति दी गई।

सभागार में उपस्थित सभी श्रोताओं की तालियों की गड़गड़ाहट इस आयोजन को सफलता का प्रमाण पत्र दे रही थी। विगत 26 वर्षों से निरंतर आयोजन करते आ रहे कार्यक्रम के आयोजक फेडरेशन के चेयरपर्सन, पूर्व राजपत्रित अधिकारी, भारत सरकार से सम्मानित कवि व लेखक पं साहित्य चंचल 'साधक' ने भविष्य में भी समाज एवं साहित्य हित में कार्य करने की प्रतिबद्धता जताते हुए सभागार में उपस्थित सभी लोगों का आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया‌।