बस करो! अब और नहीं : वीरेन्द्र वर्मा

बस करो! अब और नहीं : वीरेन्द्र वर्मा

समीक्षात्मक लेख

प्रकृति स्वरूप यह धरती, अंतरिक्ष, सूर्य, चंद्र, तारे, ग्रह-उपग्रहों के साथ-साथ अनगिनत खगोलीय पिंड, जिनकी खोजें आए दिन हमारे वैज्ञानिकों द्वारा होती रहती हैं। हम मानव ने नासा, इसरो के अलावा निजी संस्थाओं के माध्यम से भी अंतरिक्ष में अपना घर बसा लिया है; चंद्रमा पर विजय पताका लहरा दी है। मंगल ग्रह पर भी हमारे वैज्ञानिक जीवन संभव हो सके, इसी तलाश में जुटे हुए हैं। सूर्य पर भी हमने कुछ खोजें हासिल कर ली हैं; ग्रह-उपग्रहों के साथ-साथ अनेक खगोलीय पिंडों की जानकारी हमारे वैज्ञानिक आए दिन प्राप्त करते रहते हैं।

दूसरी तरफ हम आदिम युग से लेकर हड़प्पा-मोहनजोदड़ो की सभ्यता तक को भी नज़रअंदाज़ नहीं कर सकते। जंगल हमारा आवास था; जंगलों में विचरण करना, कंद-मूल, फल-फूल जैसी प्रकृति प्रदत्त चीज़ों का सेवन करना, शिकार करना, अंधेरे में रहना, जंगली हिंसक जानवरों से अपनी सुरक्षा करना-यह सब उस समय भी हमारे बौद्धिक विकास की प्रक्रिया थी। तत्पश्चात आग का आविष्कार, पका भोजन करना, खेती करना, अपने शरीर को ढकना, समूहों में रहना- इन सभी परिवर्तनों को हम भूल नहीं पाए हैं।

कहते हैं, "आवश्यकता ही आविष्कार की जननी है।" आविष्कार हमने इतने कर लिए हैं जो असीमित हैं। जीवन की मूल आवश्यकताएँ - रोटी, कपड़ा और मकान के साथ-साथ सारी आधुनिक सुविधाओं का आनंद हम समेट रहे हैं। एक समय था जब हम कोसों-मीलों की दूरी अपने पैरों से तय करते थे; परंतु आज यह दूरी हम बैलगाड़ी, घोड़ागाड़ी, तांगा, रिक्शा के स्थान पर अनेक प्रकार के वाहनों के सहारे, और आसमान व पानी में समुद्री मार्ग का सहारा लेकर, देश-विदेश तक तय कर लेते हैं। हमने इन साथनों में जहाँ तक संभव हो सका, रेल, मेट्रो, हवाईजहाज़, अंतरिक्ष यान और समुद्री यान का भी बड़े पैमाने पर आविष्कार कर लिया है।

हमने अपने जीवन को सुलभ बनाने के लिए बिजली, ए.सी., कूलर, फ्रिज, मोबाइल, लैपटॉप, टी.वी. के अतिरिक्त अनेक ऐसे साधनों का सहारा लिया है। आज हम झोपड़ी या खरपतवार जैसे कच्चे आवासों में नहीं, बल्कि बड़ी-बड़ी ऊँची गगनचुंबी इमारतों में रहते हैं; उन इमारतों में रहने के लिए हमारे पास सारी आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध हैं। आज हम 5G नेटवर्क से 6G की ओर अग्रसर हो चुके हैं। ये ऊँची-ऊँची टावरें टेलीकॉम सुविधाएँ देने में अपनी अहम भूमिका निभा रही हैं; देश-विदेश की पूरी दुनिया से हम सेकंडों में जुड़ जाते हैं और एक-दूसरे से अवगत हो जाते हैं। आज हमारा जीवन पेपरलेस हो गया है। हमारी जितनी भी संस्थाएँ हैं चाहे वे सरकारी हों या गैर-सरकारी सभी कार्यप्रणाली हमारे नेटवर्किंग सिस्टम से जुड़ गई है; सारा कामकाज आज कंप्यूटर और लैपटॉप के सहारे हो रहा है। आज पूरी दुनिया डिजिटलीकृत हो चुकी है; हम इस माध्यम से सेकंडों में अपनी मुद्राओं का आदान-प्रदान कर लेते हैं। परंतु कभी-कभी इसका दुष्परिणाम भी सामने आता है, जब हमारा नेटवर्किंग सिस्टम काम करना बंद कर देता है और हमारा सारा कार्य रुक जाता है।

जितनी भी ये आधुनिक सुविधाएँ और आविष्कार हमारे लिए वरदान साबित हुए हैं, उतना ही वे अभिशाप भी हैं। हम आए दिन इन सभी सुविधाओं के विध्वंसकारी परिणाम देख रहे हैं; अनेक दुर्घटनाओं का सामना हमें आए दिन करना पड़ता है।

हमारी असीम आवश्यकताओं और इच्छाओं के लिए हमने प्रकृति को इस कदर छेड़ा है कि इसका दुष्परिणाम आज हमें देखने को मिल रहा है। हम ग्लोबल वार्मिंग के प्रभावों को देख रहे हैं कहीं भीषण गर्मी, कहीं सूखा, कहीं बाढ़, भूकंप, बादलों का फटना, सुनामी, समुद्री हलचल, चक्रवाती तूफान, बवंडर, तेज़ हवाएँ, भूस्खलन जैसी अनेक प्राकृतिक आपदाएँ, जो आए दिन हमारे जीवन को त्रासदी की ओर ले जाती हैं। हमने जनसंख्या को अनियंत्रित होने दिया, जंगलों की कटाई की, धरती की खुदाई की, पहाड़ों और समुद्रों में सुरंगें बनाई, खेती योग्य भूमि को नष्ट किया, पेड़-पौधों का संतुलन बिगाड़ा और कल-कारखानों द्वारा हवा और पानी को दूषित किया; इस सबका भयानक परिणाम आज हमें पूर्णतः देखने को मिलता है।

जलवायु परिवर्तन के कारण मानसूनी वर्षा में कहीं अतिवृष्टि तो कहीं अनावृष्टि हो रही है; हमारा प्राकृतिक संतुलन बिगड़ चुका है। आज हम पूरी तरह मानसूनी वर्षा का आनंद नहीं ले पा रहे हैं; हमारी धरती आज भी प्यासी है। हमारी धरती के प्राणी आज भी भीषण गर्मी से त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। इस वर्ष हमें अलनीनो का प्रभाव देखने को मिला है; इसने इस कदर कहर बरपाया कि कहीं सूखे की मार है तो कहीं बाढ़ का प्रकोप। इस बाढ़ का प्रत्यक्ष प्रमाण प्रत्येक वर्ष हमारे बिहार प्रान्त के कोसी क्षेत्रीय लोगों को झेलना पड़ता है; इस बार इसका दुष्परिणाम हमारे पड़ोसी देश नेपाल को भी देखना पड़ा, जहाँ कितने ही आशियाने उजड़ गए, जान-माल की क्षति हुई और कितने ही परिवार बिखर गए।

इस विनाशकारी लीला से खुद बचें और संपूर्ण विश्व को बचाएँ सही मायने में यही मानवता है। हमें प्रकृति के संतुलन में सुधार लाना होगा; हमें अपनी असीम आवश्यकताओं और इच्छाओं का दमन करना होगा। हमें अब तक जितना संभव हुआ, उतने ही हाल में रहना सीखना होगा। हमने प्रकृति का जितना दोहन किया है, अब उसे रोकना होगा; हमें रुकना होगा आने वाली पीढ़ी के लिए। हमारी आने वाली पीढ़ी के लिए प्रकृति की सारी गतिविधियाँ अपने आप संचालित हों; उन्हें हर तरफ़ हरियाली, शुद्ध हवा, शुद्ध खाद्य पदार्थ, शुद्ध पानी, शुद्ध वातावरण मिले, मौसमी बारिश मिले और वे ग्लोबल वार्मिंग तथा अलनीनो जैसे प्रभावों से दूर रहें। हर जीव-जंतु को उसका प्राकृतिक आवास और शुद्ध वातावरण मिले; पशु-पक्षी भी स्वतंत्र होकर शुद्ध हवा में विचरण करें।

इस लेख को लिखने का मेरा यह मक़सद कदापि नहीं है कि हमारा देश या हमारा विश्व विकास न करे, विकास करें, पर कुछ रुककर। हमें अपनी विलासितापूर्ण आवश्यकताओं की ज़िंदगी जीने के लिए इतना ही काफ़ी है।

अतः इस संकट से उबरने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सोच बदलनी होगी; प्रकृति की चाल को अपनी चाल से चलने देना होगा। हम मानव ही नहीं, अन्य प्राणियों के लिए भी प्रकृति हमारी अमूल्य धरोहर है। हमें अब रुकना होगा, संभलना होगा; इसकी गति को बाधित करने से बचना होगा। हमें यह सोचने पर मजबूर होना पड़ेगा कि हमने क्या खोया है और क्या पाया है। प्रकृति से छेड़‌छाड़ कर, अंतरिक्ष से छेड़छाड़ कर, हमने कितना बड़ा संकट खड़ा कर लिया है। हमने बहुत कर ली अपनी मनमानी; अब हम सब एकजुट होकर प्रकृति को आने वाली पीढ़ी के लिए एक वरदान साबित कर सकते हैं।

यह शीर्षक हमारी नहीं, प्रकृति की पुकार है। बस हमें अब सुकून चाहिए, अब और नहीं। हमें इसी हाल में रहने दें, ताकि हम इतने बिगड़कर भी अपने आप को सँवारने में सक्षम रहें। अब हममें आपलोगों की विनाशकारी परिस्थितियों को सहन करने की क्षमता नहीं है। हम इतने टूट चुके हैं कि हमें फिर से बनने में न जाने कितना समय लगेगा; और यदि हम फिर बन जाएँ, तो आपलोगों की सारी शिकायतें हम दूर कर देंगे। अब आपसे कोई गिला शिकवा नहीं। अलविदा !