देश का नौजवान आज अपने भविष्य को लेकर चिंतित है -अभिषेक यादव
गाजीपुर : समाजवादी पार्टी की सरजू पांडेय पार्क से नौ अगस्त को आरंभ हुई ‘देश बचाओ-देश बनाओ’ पदयात्रा छठवें दिन रविवार को नंदगंज से सैदपुर पहुंची। पदयात्रा को विधायक जैकिशन साहू, निवर्तमान जिलाध्यक्ष रामधारी यादव व सदस्यता अभियान के जिला प्रभारी राजेश कुशवाहा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विधायक जैकिशन साहू ने कहा कि आज देश फासिस्टवादी व सांप्रदायिक ताकतों के चंगुल में फंस गया है। देश को उनके चंगुल से निकालने तथा पूंजीपतियों को लगातार बेचे जा रहे सरकारी उपक्रमों को बचाने के लिए यह पदयात्रा निकाली गई है। सरकार अपने विरुद्ध उठने वाली हर आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है।
उनको परेशान करने के लिए ईडी और सीबीआइ को हथियार बना लिया गया है। पदयात्रियों का पहाड़पुर चौराहे पर विधायक अंकित भारती और युवा नेता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य सत्येंद्र यादव सत्या की अगुवाई में भव्य स्वागत किया गया। विधायक अंकित भारती ने कहा कि जब-जब इस देश को तोड़ने की साजिश हुई है समाजवादियों ने अपने संघर्ष, त्याग और बलिदान से देश को बचाने का काम किया है। पदयात्रा के अगुवा अभिषेक यादव ने कहा कि देश का नौजवान आज अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। भाजपा सरकार के पास देश के बेरोजगार युवाओं के लिए कोई योजना नहीं है। पदयात्रा में गोपाल यादव, ओपी भारती, आत्मा यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, संदीप यादव, अक्षय यादव, राघवेंद्र यादव, अफजल अली, आजाद राय आदि के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे।


