राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने को भारत-भारती की नई पहल
नोएडा। राष्ट्रीय सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठन भारत-भारती ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अमिटी विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रशांत आर. चौहान से महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में युवाओं को सामाजिक सेवा, नेतृत्व विकास, स्वयंसेवा एवं जनहित अभियानों से जोड़ने के लिए संयुक्त कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों के समन्वय से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, सामुदायिक विकास, सांस्कृतिक समरसता तथा "एक भारत, श्रेष्ठ भारत" की भावना से प्रेरित कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करने पर सहमति बनी। साथ ही विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच संवाद, सहयोग और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने हेतु संयुक्त अभियानों के आयोजन पर भी विचार-विमर्श किया गया।
भारत-भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय पात्रले एवं उत्तर भारत संगठन मंत्री श्री विवेकानंद दीक्षित के मार्गदर्शन में संगठन देशभर में सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर विभाग संयोजक अंकुर शर्मा तथा गौतम बुद्ध नगर जिला अध्यक्ष सचिन गुप्ता ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें सामाजिक परिवर्तन का सक्रिय भागीदार बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक में विश्वास व्यक्त किया गया कि विश्वविद्यालयों और सामाजिक संगठनों के समन्वित प्रयासों से युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और नेतृत्व क्षमता का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के समग्र विकास में प्रभावी रूप से किया जा सकेगा।


