नोएडा इंडोर स्टेडियम टेंडर घोटाले की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर दर्ज हो एफआईआर : अविनाश सिंह

नोएडा इंडोर स्टेडियम टेंडर घोटाले की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर दर्ज हो एफआईआर : अविनाश सिंह

नोएडा । युवा क्रांति सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अविनाश सिंह ने वर्ष 2021 में नोएडा इंडोर स्टेडियम के संचालन से जुड़े टेंडर में कथित फर्जी दस्तावेज, भ्रामक जानकारी एवं अनियमितताओं के गंभीर आरोपों को लेकर आज मुख्य कार्यपालक अधिकारी, नोएडा प्राधिकरण को विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग की। 
अविनाश सिंह ने कहा कि मीडिया रिपोर्टों में सामने आए तथ्यों ने पूरे खेल जगत को झकझोर दिया है।

यदि सिक्योरिटी सल्यूशन कंपनी ने फर्जी अनुभव प्रमाणपत्र, गलत कोच प्रोफाइल तथा भ्रामक दस्तावेजों के आधार पर अधिक तकनीकी अंक प्राप्त कर टेंडर हासिल किया है, तो यह केवल एक प्रशासनिक अनियमितता नहीं बल्कि सरकारी व्यवस्था, निष्पक्ष प्रतियोगिता और खिलाड़ियों के भविष्य के साथ गंभीर धोखा है। उन्होंने कहा कि रिपोर्टों के अनुसार कंपनी द्वारा कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और कोचों के नाम एवं प्रोफाइल का उपयोग कर तकनीकी मूल्यांकन में अनुचित लाभ लेने का प्रयास किया गया। यदि संबंधित खिलाड़ियों की जानकारी, सहमति अथवा वास्तविक संबद्धता के बिना उनके नाम और उपलब्धियों का इस्तेमाल किया गया है, तो यह उनकी प्रतिष्ठा के साथ भी गंभीर खिलवाड़ है। ऐसे मामले में केवल कंपनी ही नहीं, बल्कि पूरी टेंडर प्रक्रिया की निष्पक्षता कटघरे में खड़ी होती है।

अविनाश सिंह ने कहा कि यह भी अत्यंत गंभीर आरोप है कि इंडोर खेलों के संचालन के लिए आउटडोर खेलों से जुड़े कोचों की प्रोफाइल प्रस्तुत कर अतिरिक्त अंक प्राप्त किए गए। यदि यह सत्य है, तो तकनीकी मूल्यांकन की विश्वसनीयता पूरी तरह संदिग्ध हो जाती है और पूरे मूल्यांकन की पुनः जांच अनिवार्य है। उन्होंने यह भी मांग की कि जिन अधिकारियों की लापरवाही अथवा मिलीभगत सामने आए, उनके विरुद्ध भी विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में नोएडा प्राधिकरण की सभी टेंडर प्रक्रियाओं में खिलाड़ियों, कोचों एवं विशेषज्ञों की प्रोफाइल, लिखित सहमति और वास्तविक संबद्धता का स्वतंत्र सत्यापन अनिवार्य किया जाए।