सेक्टर 105 आरडब्ल्यूए ने की अनुपस्थित बीएलओ और लंबित वोटर कार्ड के मुद्दे पर डीएम से हस्तक्षेप की मांग

सेक्टर 105 आरडब्ल्यूए ने की अनुपस्थित बीएलओ और लंबित वोटर कार्ड के मुद्दे पर डीएम से हस्तक्षेप की मांग

​नोएडा। लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत एक जागरूक और सशक्त मतदाता होता है। इसी जनहितैषी सोच के साथ सेक्टर 105 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने गौतम बुद्ध नगर की जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती मेधा रूपम (आई.ए.एस.) को एक विस्तृत पत्र सौंपकर सेक्टर के हजारों निवासियों को मतदाता संबंधी कार्यों में हो रही गंभीर बाधाओं के त्वरित निवारण की पुरजोर मांग की है।

​दिव्य कृष्णात्रेय ने अवगत कराया कि सेक्टर 105 की भाग संख्या 766 में बीएलओ श्रीमती भारती सिंह अत्यंत निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही हैं, परंतु दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि सेक्टर की शेष सभी भाग संख्याओं जहाँ सेक्टर के बहुसंख्यक निवासियों के वोट दर्ज हैं के बीएलओ लंबे समय से लगातार अनुपस्थित चल रहे हैं।

प्रशासन द्वारा इन रिक्त स्थानों पर किसी वैकल्पिक बीएलओ की नियुक्ति न किए जाने से सेक्टर में एक गंभीर प्रशासनिक शून्यता उत्पन्न हो गई है। इस अव्यवस्था के चलते हजारों नागरिक नए मतदाता पहचान पत्र बनवाने, अपने विवरण में आवश्यक संशोधन कराने और मतदाता सूची से जुड़े अनिवार्य कार्यों को पूरा कराने के लिए भटकने को विवश हैं। स्थिति इतनी चिंताजनक है कि महीनों पूर्व विधिवत आवेदन करने के बावजूद अनेक निवासियों को आज तक उनके वोटर कार्ड (EPIC) प्राप्त नहीं हो सके हैं, जिससे आम नागरिकों और विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों में गहरा रोष व निराशा व्याप्त है।

​समस्या के एक अन्य महत्वपूर्ण पहलू को उजागर करते हुए आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने कहा कि निर्वाचन विभाग और आरडब्ल्यूए के बीच संवादहीनता के कारण स्थिति और भी जटिल हो गई है। जब भी कोई बीएलओ सेक्टर में अपने शासकीय दायित्वों के निर्वहन हेतु आते हैं, तो उनके आगमन की तिथि, समय और निर्धारित स्थान की कोई भी पूर्व सूचना आरडब्ल्यूए को नहीं दी जाती है।

सूचना के इस अभाव में आरडब्ल्यूए समय रहते निवासियों को सूचित नहीं कर पाती, जिसका सीधा खामियाजा कामकाजी लोगों और बुजुर्गों को भुगतना पड़ता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन बीएलओ के सेक्टर भ्रमण का कार्यक्रम अग्रिम रूप से आरडब्ल्यूए को उपलब्ध करा दे, तो आरडब्ल्यूए अपने संचार माध्यमों से मिनटों में यह जानकारी प्रत्येक घर तक पहुँचा सकती है। इससे न केवल नागरिकों को अनावश्यक भटकाव से मुक्ति मिलेगी, बल्कि प्रशासनिक कार्यों में भी अभूतपूर्व गति और पारदर्शिता आएगी।

​दिव्य कृष्णात्रेय ने जिलाधिकारी श्रीमती मेधा रूपम के संवेदनशील, त्वरित और जनोन्मुखी नेतृत्व पर गहरा विश्वास जताते हुए अपेक्षा की है कि जनहित और लोकतांत्रिक सहभागिता को सर्वोपरि रखते हुए वे तत्काल सेक्टर 105 की शेष सभी भाग संख्याओं के लिए सक्रिय एवं वैकल्पिक बीएलओ की नियुक्ति करेंगी। साथ ही, वे महीनों से लंबित पड़े वोटर कार्डों का शीघ्र वितरण सुनिश्चित कराएंगी और भविष्य में बीएलओ के सेक्टर भ्रमण की पूर्व सूचना आरडब्ल्यूए को अनिवार्य रूप से दिए जाने की व्यवस्था लागू करेंगी। सेक्टर 105 आरडब्ल्यूए की यह पहल इस विश्वास को पुष्ट करती है कि प्रशासन और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय से ही एक सुदृढ़ और सहभागी लोकतंत्र का निर्माण संभव है।
    ​