लायंस क्लब दिल्ली वेज की अनूठी पहल—वृक्षारोपण और औषधीय पौध वितरण अभियान शुरू

लायंस क्लब दिल्ली वेज की अनूठी पहल—वृक्षारोपण और औषधीय पौध वितरण अभियान शुरू

नोएडा। लायंस इंटरनेशनल के पर्यावरण संरक्षण पखवाड़े के अंतर्गत लायंस क्लब दिल्ली वेज द्वारा अगस्त माह के प्रथम सप्ताह में विशाल वृक्षारोपण एवं निःशुल्क औषधीय पौध वितरण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य हरित आवरण बढ़ाना, प्रदूषण को कम करना तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है।

इस अभियान में वालंटियर 137, वाईएसएस फाउंडेशन, एकल अभियान (पूर्वी दिल्ली चैप्टर), ईसीपीएफ, मौलिक भारत एवं करियर प्लस सहित अनेक सामाजिक संस्थाएँ सक्रिय रूप से सहयोग कर रही हैं। अभियान के प्रथम चरण में सेक्टर-137 मेट्रो स्टेशन, नोएडा के पीछे स्थित नाले के किनारे विकसित किए जा रहे आर्द्रभूमि (वेटलैंड) क्षेत्र में वृक्षारोपण एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न संस्थाओं के 70 से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया।

लायंस क्लब दिल्ली वेज के अध्यक्ष अनुज अग्रवाल ने बताया कि अभियान के अंतर्गत सैकड़ों औषधीय पौधों के साथ-साथ हजारों बाँस एवं जामुन के पौधों का रोपण किया जा रहा है। इन पौधों के माध्यम से नाले के दोनों ओर हरित सुरक्षा पट्टी विकसित की जाएगी, जिससे प्रदूषण एवं दुर्गंध को नियंत्रित करने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

क्लब के संस्थापक अध्यक्ष गौरव गुप्ता एवं परियोजना समन्वयक संदीप जिंदल ने बताया कि यह अभियान विभिन्न संस्थाओं के 100 से अधिक सदस्यों एवं स्वयंसेवकों के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। अभियान का समापन 08 अगस्त 2026 को सेक्टर-54, नोएडा स्थित आर्द्रभूमि पार्क में विशाल वृक्षारोपण तथा सेक्टर-23, नोएडा के सामुदायिक भवन में सैकड़ों औषधीय पौधों के निःशुल्क वितरण के साथ किया जाएगा।

इस अवसर पर वालंटियर 137 के संयोजक एवं पर्यावरणविद् अभीष्ट गुप्ता ने अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि उनकी संस्था पिछले पाँच वर्षों से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि यमुना एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण, आर्द्रभूमियों के विकास तथा पर्यावरणीय न्याय सुनिश्चित करने के लिए संस्था द्वारा विभिन्न स्तरों पर उल्लेखनीय प्रयास किए गए हैं।

वाईएसएस फाउंडेशन के अध्यक्ष सचिन गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए आगामी 08 अगस्त के वृक्षारोपण अभियान में व्यापक जनभागीदारी का आग्रह किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी सहभागी संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण, पौधों के संरक्षण तथा स्वच्छ एवं हरित भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।