सेवियर ग्रीनआर्च सोसाइटी में सामूहिक सहभागिता से जरूरतमंद परिवारों तक पहुँचे वस्त्र, कई घरों में आई दिवाली की खुशियाँ

सेवियर ग्रीनआर्च सोसाइटी में सामूहिक सहभागिता से जरूरतमंद परिवारों तक पहुँचे वस्त्र, कई घरों में आई दिवाली की खुशियाँ

समाज के जरूरतमंद वर्गों की सहायता तथा वस्त्रों के पुनः उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित सेवियर ग्रीनआर्च क्लोथ डोनेशन ड्राइव–2026 का प्रथम चरण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी ग्रीनआर्च सोसाइटी के निवासियों ने अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और बड़ी संख्या में कपड़े, साड़ियाँ एवं अन्य उपयोगी वस्त्र दान किए। विशेष बात यह रही कि निवासियों द्वारा दान किए गए अधिकांश वस्त्र अत्यंत अच्छी एवं उपयोग योग्य स्थिति में थे, जो उनकी संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाता है।

इस अभियान के अंतर्गत वस्त्रों का संग्रह, छँटाई, ट्रक में लोडिंग, वितरण स्थल तक परिवहन तथा जरूरतमंद परिवारों के बीच वितरण की पूरी प्रक्रिया स्वयंसेवकों के सामूहिक प्रयास से सफलतापूर्वक पूरी की गई।

ईएमसीटी (Ethomart Charitable Trust) की संस्थापक एवं समाजसेवी रश्मि पाण्डेय ने कहा “यह अभियान केवल पुराने कपड़ों का संग्रह और वितरण नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद परिवारों तक सम्मान, अपनत्व और स्नेह पहुँचाने की एक पहल है। मुझे विशेष खुशी है कि ग्रीनआर्च के निवासियों ने इतने अच्छे और उपयोगी वस्त्र दान किए। इन वस्त्रों के माध्यम से कई जरूरतमंद परिवारों के घरों में दिवाली की खुशियाँ और चमक पहुँची हैं। मेरा मानना है कि समाज में बदलाव बड़े संसाधनों से नहीं, बल्कि छोटी-छोटी संवेदनशील पहलों और सामूहिक प्रयासों से आता है। हमारा प्रयास है कि सेवा का यह अभियान निरंतर आगे बढ़ता रहे।”

सोसाइटी निवासी किसलय कृष्णवंशी ने कहा “इस अभियान की सफलता सामुदायिक एकजुटता और सामूहिक श्रमदान का बेहतरीन उदाहरण है। वस्त्रों के संग्रह से लेकर उनके वितरण तक सभी ने अपनी जिम्मेदारी समझते हुए समय, श्रम और सहयोग दिया। ग्रीनआर्च के निवासियों, स्वयंसेवकों और हाउसकीपिंग टीम का योगदान सराहनीय रहा। मैं सभी सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। ऐसी पहलें समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और आपसी जुड़ाव की भावना को मजबूत करती हैं।”

इस सेवा अभियान में श्रमदान एवं सक्रिय सहयोग देने वाले स्वयंसेवकों सेवियर ग्रीनार्च निवासी में पंकज कुमार, चंद्रशेखर, लालटू, अतुल जैन, डी.पी. सिंह, गौतम भाटिया, सरिता सिंह, निशांत, अमित गिरी, अमित राय एवं किसलय कृष्णवंशी , रश्मि पांडेय सहित अनेक सहयोगी शामिल रहे। हाउसकीपिंग टीम के सदस्यों ने भी वस्त्रों के संग्रह, लोडिंग एवं अन्य व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

यह पहल इस बात का प्रमाण है कि जब समुदाय एकजुट होकर आगे आता है, तो उसका छोटा-सा योगदान भी किसी जरूरतमंद परिवार के जीवन में बड़ी खुशी ला सकता है।