जेएसएस विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह संपन्न, प्रथम बैच के 50 विद्यार्थियों को मिलीं उपाधियां और डिप्लोमा

जेएसएस विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह संपन्न, प्रथम बैच के 50 विद्यार्थियों को मिलीं उपाधियां और डिप्लोमा

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने दिया दीक्षांत भाषण, विद्यार्थियों से कहा – निरंतर सीखें, बदलाव को अपनाएं और ज्ञान का ईमानदारी से उपयोग करें

नोएडा। जेएसएस विश्वविद्यालय, नोएडा का पहला दीक्षांत समारोह शुक्रवार को सेक्टर-62 स्थित विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के पहले बैच के 50 विद्यार्थियों को उपाधियां और डिप्लोमा प्रदान किए गए। समारोह जेएसएस महाविद्यापीठ के अध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति परम पूज्य जगद्गुरु श्री शिवरात्रि देशिकेंद्र महास्वामीजी की दिव्य उपस्थिति में हुआ। उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री (कैबिनेट) योगेंद्र उपाध्याय मुख्य अतिथि रहे और उन्होंने दीक्षांत भाषण दिया।

उपाधि पाने वाले विद्यार्थियों में डिप्लोमा इन फार्मेसी (डी.फार्मा) के 32, मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशंस (एमसीए) के 16 और मास्टर ऑफ फार्मेसी (एम.फार्मा) के 2 विद्यार्थी शामिल रहे। इनमें 37 छात्र और 13 छात्राएं हैं। एम.फार्मा (फार्मास्यूटिक्स) के शिवम सिंह, एमसीए की शाक्षी और डी.फार्मा के ऋतिक भाटी को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। शिवम सिंह को एंडोमेंट पदक भी मिला, जबकि एमसीए में शाक्षी ने पहला और तुषार जैन ने दूसरा स्थान हासिल किया। कुलाधिपति परम पूज्य जगद्गुरु श्री शिवरात्रि देशिकेंद्र महास्वामीजी ने विद्यार्थियों को दीक्षांत शपथ दिलाई।
मुख्य अतिथि का संदेश: बड़े सपने देखें, लगातार सीखें, नैतिकता से काम करें और उदारता से सेवा करें

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि पहला दीक्षांत समारोह वह क्षण होता है, जब किसी विश्वविद्यालय का सपना उसके विद्यार्थियों के जीवन में साकार होता दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के पहले बैच के विद्यार्थी इसके इतिहास में हमेशा विशेष स्थान रखेंगे। उन्होंने प्रदेश में विश्वविद्यालय की स्थापना के प्रयासों से अपने जुड़ाव को याद किया और कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश को शिक्षा, शोध और क्षेत्रीय विकास में विश्वविद्यालय के योगदान से बड़ी अपेक्षाएं हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर सीखते रहने, बदलाव के अनुरूप ढलने का साहस रखने और ज्ञान का जिम्मेदारी से उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस काम और शोध के तौर-तरीकों को बदल देगा। उन्होंने कहा, “तकनीक आपके विवेक में सहायक हो सकती है, लेकिन उसे आपकी अंतरात्मा का स्थान नहीं लेना चाहिए।” उन्होंने विश्वविद्यालय से किफायती स्वास्थ्य सेवा, टिकाऊ कृषि, स्वच्छ ऊर्जा और डिजिटल जनसेवाओं जैसी प्रदेश की जरूरतों पर केंद्रित शोध करने, विद्यार्थियों में उद्यमिता को बढ़ावा देने और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में योगदान देने को कहा। विद्यार्थियों को उनका संदेश था – “बड़े सपने देखें, लगातार सीखें, नैतिकता से काम करें और उदारता से सेवा करें।”

विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट: मान्यता, शोध और साझेदारियां
अतिथियों का स्वागत करते हुए और विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कुलपति डॉ. संजय त्यागी जी ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा, “जेएसएस विश्वविद्यालय के पहले स्नातक होने के नाते इसके इतिहास में आपका हमेशा विशेष स्थान रहेगा।”

डॉ. त्यागी ने बताया कि जेएसएस एकेडमी ऑफ टेक्निकल एजुकेशन, नोएडा की शैक्षणिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2024 में स्थापित इस विश्वविद्यालय को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की मान्यता प्राप्त है। इसके स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज और स्कूल ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशंस को एआईसीटीई का अनुमोदन तथा कॉलेज ऑफ फार्मेसी को फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया की मान्यता प्राप्त है। 28 एकड़ में फैले परिसर में 226 शिक्षकों के साथ विश्वविद्यालय इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी, फार्मेसी, मैनेजमेंट, कंप्यूटर एप्लीकेशंस, एप्लाइड साइंसेज और ह्यूमैनिटीज के पाठ्यक्रम संचालित कर रहा है।

शोध के बारे में उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में 86 स्वीकृत पीएचडी शोध निर्देशक और 48 शोधार्थी हैं। पिछले दो वर्षों में विश्वविद्यालय के 115 एससीआई, 120 वेब ऑफ साइंस और 128 स्कोपस में अनुक्रमित शोध पत्र प्रकाशित हुए हैं तथा 30 पेटेंट दर्ज हुए हैं, जिनमें से 12 स्वीकृत हो चुके हैं। भारत सरकार के वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान विभाग (डीएसआईआर) ने विश्वविद्यालय को तीन वर्ष के लिए मान्यता दी है और विश्वविद्यालय में इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी मैनेजमेंट सेल की स्थापना की गई है। विश्वविद्यालय को 9.29 करोड़ रुपये के शोध अनुदान मिले हैं। बायरैक, डीएसटी और सीएसटी-यूपी के सहयोग से लगभग 9.54 करोड़ रुपये की छह बाह्य वित्तपोषित शोध परियोजनाएं चल रही हैं, तथा एएनआरएफ, एआईसीटीई, आईसीएमआर और सीएसटी-यूपी सहित विभिन्न एजेंसियों को 55 शोध प्रस्ताव भेजे गए हैं।

विश्वविद्यालय का ऑस्ट्रेलिया की फ्लिंडर्स यूनिवर्सिटी और फ्रांस के एस्टिया के साथ शैक्षणिक जुड़ाव है तथा वियतनाम के एचसीएमयूटी के साथ छात्र सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम चल रहा है। उद्योग साझेदारों में टेक्सास इंस्ट्रूमेंट्स, श्नाइडर इलेक्ट्रिक, एमर्सन प्रोसेस मैनेजमेंट, लैम्ब्डाटेस्ट, मेवेन सिलिकॉन, इन्फोसिस स्प्रिंगबोर्ड, ई-यंत्र और नैसकॉम/आईटी-आईटीईएस सेक्टर स्किल काउंसिल शामिल हैं।

डॉ. त्यागी ने बताया कि मलेशिया की यूनिवर्सिटी टेक्निकल मलेशिया मलाका, ओमान की यूनिवर्सिटी ऑफ निज़वा, दक्षिण कोरिया की गाचोन यूनिवर्सिटी और ऑस्ट्रेलिया की वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी के साथ साझेदारी को लेकर प्रारंभिक बातचीत शुरू की गई है। विश्वविद्यालय हेल्थ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम एवं सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी, ड्रग डिस्कवरी, 6जी कम्युनिकेशन और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सहित आठ क्षेत्रों में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने का प्रस्ताव कर रहा है।