सेक्टर-11 में वरिष्ठ एवं अति वरिष्ठ महिलाओं ने निकाली जागरूकता पदयात्रा, दिया सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश
वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान से ही मजबूत होंगे पारिवारिक संस्कार और सुरक्षित बनेगा समाज
नोएडा: समाज की मजबूती केवल आधुनिक सुविधाओं से नहीं, बल्कि आपसी सम्मान, संवेदनशीलता और सामूहिक जिम्मेदारी से बनती है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए सेक्टर-11, नोएडा की वरिष्ठ एवं अति वरिष्ठ महिला निवासियों ने 26 नवंबर को प्रातः 11 बजे सेक्टर में एक शांतिपूर्ण जागरूकता पदयात्रा निकाली।
सोशल प्रोग्रेस एसोसिएशन की अध्यक्ष अंजना भागी के नेतृत्व में आयोजित इस पहल का उद्देश्य सेक्टरवासियों को तीन महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक करना और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना था।
धार्मिक सामग्री का सम्मानपूर्वक निस्तारण करें
त्योहारों एवं धार्मिक आयोजनों के बाद फूल, मूर्तियां, देवी-देवताओं के चित्र और पूजा सामग्री पार्कों तथा हरित क्षेत्रों में छोड़ दी जाती है। संस्था ने निवासियों से अपील की कि धार्मिक सामग्री को पार्कों में न डालें, बल्कि संस्था को सौंपें, ताकि उसे उचित निर्धारित स्थान पर सम्मानपूर्वक पहुंचाया जा सके। इससे धार्मिक भावनाओं का सम्मान भी होगा और पार्कों की स्वच्छता भी बनी रहेगी।
अनावश्यक पटाखे न चलाएं, स्वच्छ हवा में सांस लेने दें
दीपावली बीत जाने के बाद भी हर रात पटाखों का लगातार जलाया जाना चिंता का विषय है। इससे पहले से प्रदूषित वातावरण और अधिक खराब हो रहा है। संस्था ने अभिभावकों से विशेष अपील की कि युवाओं को अनावश्यक पटाखे खरीदने के लिए पैसे न दें।
कुछ परिवार एयर प्यूरीफायर और महंगे इलाज का खर्च उठा सकते हैं, लेकिन समाज का एक बड़ा वर्ग ऐसा है जिसके लिए यह संभव नहीं है। बच्चे, बुजुर्ग और सांस संबंधी परेशानियों से जूझ रहे लोग उसी प्रदूषित हवा में सांस लेने को मजबूर हैं। स्वच्छ हवा किसी एक वर्ग का अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की आवश्यकता है।
वरिष्ठ नागरिकों को एकाकीपन से निकालकर सामाजिक सहभागिता से जोड़ें
पदयात्रा का एक महत्वपूर्ण संदेश वरिष्ठ एवं अति वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी था। उनसे आग्रह किया गया कि वे अपना खाली समय केवल घर की चारदीवारी या मोबाइल फोन तक सीमित न रखें। पार्कों में आएं, एक-दूसरे से मिलें, बातचीत करें और सामुदायिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। वे पार्कों में खेल रहे बच्चों पर भी स्नेहपूर्ण नजर रखें, चाहे वे उनके अपने बच्चे हों या पड़ोसियों के।
नई पीढ़ी से भी विशेष अपील की गई कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की जीवित धरोहर हैं। गिरने या चोट लगने के डर से उन्हें घरों तक सीमित करने के बजाय उनका मनोबल बढ़ाएं। उन्हें बाहर निकलने, लोगों से मिलने और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें। इस यात्रा की विशेषता यह रही की अति वरिष्ठ नागरिक सुनेत्रा जी ने स्वयं कार चलाकर अपनी अति वरिष्ठ सखियों सुदेश शर्मा, सविता अरोड़ा, विजय शर्मा, गगन आहलूवालिया के साथ संदेश दे रही थी सुषमा नेब, आरती गुप्ता सभी ने पार्कों से पूजन सामग्री एकत्रित की लेकिन इसमें संपूर्ण सहयोग उन्हीं के परिवार की युवाओं का था प्रीति शर्मा, सुमन गर्ग, संगीता सचदेवा. अमरजीत, रंजना शर्मा, ..


