युवाओं को वैश्विक नेतृत्व अवसरों से जोड़ने की पहल, YSS फाउंडेशन और ALIF में समझौता
नोएडा। भारत के युवाओं को वैश्विक नेतृत्व, कौशल विकास और करियर के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से वाईएसएस फाउंडेशन और एस्पायरिंग लीडर्स इंडिया फाउंडेशन (एएलआईएफ) ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। साझेदारी के तहत युवाओं के लिए नेतृत्व विकास, कौशल, करियर तैयारी, मार्गदर्शन, नेटवर्किंग और सामुदायिक सहभागिता से जुड़े संयुक्त कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
साझेदारी का प्रमुख फोकस एस्पायर लीडर्स कार्यक्रम तक पात्र युवाओं की पहुंच बढ़ाना है। छह सप्ताह का यह पूर्णतः वित्तपोषित ऑनलाइन वैश्विक नेतृत्व कार्यक्रम नेतृत्व शिक्षा, विशेषज्ञ मार्गदर्शन, परामर्श, वैश्विक नेटवर्किंग और करियर विकास के अवसर प्रदान करता है। कार्यक्रम की स्थापना हार्वर्ड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर तरुण खन्ना और प्रोफेसर करीम लखानी ने की थी।

वाईएसएस फाउंडेशन की युवा कौशल एवं स्टार्टअप इकाई की निदेशक शीतल शर्मा के नेतृत्व में युवाओं को कौशल विकास, करियर मार्गदर्शन, नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा।
वाईएसएस फाउंडेशन के संस्थापक एवं निदेशक सचिन गुप्ता ने कहा कि साझेदारी युवाओं को सार्थक सीखने और नेतृत्व के अवसरों से जोड़ते हुए उनके कौशल, आत्मविश्वास और भविष्य की दिशा को मजबूत करने में सहायक होगी। एएलआईएफ के भारत निदेशक अमन जकार ने कहा कि दोनों संस्थाओं के नेटवर्क के माध्यम से अधिक विद्यार्थियों और उभरते नेतृत्वकर्ताओं तक सीखने, जुड़ने और आगे बढ़ने के अवसर पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
समझौते पर 29 सितंबर को नोएडा में दोनों संस्थाओं के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर सचिन गुप्ता, शीतल शर्मा और कार्तिक इंदोरिया सहित दोनों संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


