महिलाओं को अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर देना ही सच्चा महिला सशक्तिकरण - राजेश्वरी त्यागराजन

महिलाओं को अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर देना ही सच्चा महिला सशक्तिकरण - राजेश्वरी त्यागराजन

नोएडा: महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत मंगरौली गांव निवासी सुमन वर्मा, जो तीन बच्चों की एकल मां हैं, को आज स्वरोजगार के लिए फूड कार्ट प्रदान किया गया।

सुमन पिछले करीब 10 वर्षों से खाना बनाने का कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं। हाल ही में आर्थिक कठिनाइयों के दौर से गुजर रही सुमन की प्रतिभा और मेहनत को देखते हुए उन्हें अपने हुनर को व्यवसाय में बदलने का अवसर देने की पहल की गई।

यह फूड कार्ट श्रीमती संगीता सिंह, योग शिक्षिका एवं मॉडल, के सहयोग से प्रदान किया गया। आज एक छोटे से पूजन के बाद रजेश्वरी त्यागराजन द्वारा फूड कार्ट का उद्घाटन कर सुमन को उसकी चाबी सौंपी गई। इस अवसर पर Inner Wheel Club of Noida Star के सदस्य भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर राजेश्वरी त्यागराजन ने कहा कि महिलाओं को केवल सहायता देना ही नहीं, बल्कि महिलाओं को अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर देना ही सच्चा महिला सशक्तिकरण है। संगीता सिंह की यह पहल इस बात का सुंदर उदाहरण है कि एक महिला दूसरी महिला की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।

यह पहल सुमन के लिए केवल एक फूड कार्ट नहीं, बल्कि आत्मसम्मान, स्वावलंबन और अपने तीन बच्चों के बेहतर भविष्य की नई शुरुआत है।