खेलो इंडिया संवाद में युवाओं की अधिक भागीदारी का आह्वान
महर्षि यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों को खेलों के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर दिया जोर
लखनऊ। महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, लखनऊ में आगामी “खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात PM MODI के साथ” कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों और युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई ने विद्यार्थियों और युवाओं से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. भानु प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए खेलों को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही जरूरी नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास भी विकसित होता है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. गिरीश छिमवाल भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर
कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के माध्यम से भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
भारत सरकार, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के क्षेत्रीय निदेशक समरदीप सक्सेना के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय की NSS इकाई द्वारा कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों के बीच जागरूकता और सहभागिता बढ़ाने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।
NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सपन अस्थाना ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राम प्रकाश दीक्षित और डॉ. सुगत शुक्ला भी उपस्थित रहे।
स्वयंसेवक कर रहे जागरूक
महर्षि यूनिवर्सिटी लखनऊ की NSS इकाई के स्वयंसेवक भी कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार और विद्यार्थियों को इससे जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। स्वयंसेवकों द्वारा अधिक से अधिक विद्यार्थियों और युवाओं तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाई जा रही है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन से “खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात PM MODI के साथ” कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। विश्वविद्यालय का मानना है कि युवाओं की भागीदारी से देश में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और स्वस्थ, सक्रिय एवं अनुशासित जीवनशैली को प्रोत्साहन मिलेगा।


