छठ पूजा के माध्यम से भारत ने दिया प्रकृति संरक्षण और संवर्धन का विश्व को विशद संदेश : विनोद बंसल
नई दिल्ली। विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने आज दक्षिण दिल्ली के आस्था कुंज पार्क स्थित बने विशेष सरोवर में भगवान् सूर्य देव को अर्घ देते सभी भक्तों तथा छठ पूजा महोत्सव में जुटे हजारों श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक, आध्यात्मिक और सूर्य उपासना का ही पर्व नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से भारत ने संपूर्ण विश्व को प्रकृति के संरक्षण, संवर्धन और उसकी रक्षा का एक व्यापक संदेश दिया है।

उन्होंने कहा कि आज जब पूरी दुनिया पर्यावरण संकट, जलवायु परिवर्तन, नदियों के प्रदूषण, जलस्रोतों के क्षरण, वनों की कटाई और प्रकृति के असंतुलन जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है, तब छठ पूजा का संदेश और भी अधिक प्रासंगिक हो जाता है।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंगदल के कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं की सहायता सहयोग एवं सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था भी की जगह जगह पर की गई।बजरंगदल दक्षिणी दिल्ली के विभाग संयोजक श्री अमित बैसोया के नेतृत्व में, स्नान कर सरोवर से निकलने वाले, सभी श्रद्धालुओं के लिए चाय व प्रसाद की व्यवस्था भी की।
विनोद बंसल ने कहा कि छठ व्रती जिस कठोर तपस्या, निष्ठा और अनुशासन के साथ नदियों, तालाबों और अन्य जलस्रोतों में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं, वह केवल आस्था व भक्ति की अभिव्यक्ति ही नहीं है, बल्कि समूर्ण विश्व को ऊर्जा व समता का संदेश देने वाले भगवान भास्कर व इस महान जीवन दायिनी प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और उसके संरक्षण का संकल्प भी है।
नदियों, सरोवरों, पर्वतों, सूर्य और संपूर्ण प्रकृति को पूजनीय मानने वाली हमारी यह सनातन परंपरा हमें सिखाती है कि प्रकृति केवल हमारे उपभोग की वस्तु नहीं, बल्कि दुनिया में जीवन और उसके अस्तित्व का आधार भी है।
उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम अपनी नदियों को स्वच्छ रखें, जलस्रोतों का संरक्षण करें, वनों और पर्वतों की रक्षा करें तथा पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें। छठ पूजा की तपस्या और अनुशासन हमें प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराते हैं।
विनोद बंसल ने यह भी कहा कि छठ महापर्व अब केवल मिथिलांचल या बिहार तक सीमित नहीं रह गया है। यह पूरे भारत में व्यापक रूप से मनाया जाने वाला पर्व बन चुका है। इतना ही नहीं, पिछले कुछ वर्षों में कनाडा, आस्ट्रेलिया, अमेरिका, इंग्लैंड, स्विट्जरलैंड सहित अनेक यूरोपीय और अफ्रीकी देशों से भी छठ पूजा के भव्य आयोजनों की खबरें सामने आ रही हैं।
यह इस बात का प्रमाण है कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं का प्रकृति के साथ जुड़ाव अब वैश्विक स्तर पर लोगों को आकर्षित कर रहा है।
सभी इस महापर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि छठ पूजा के माध्यम से भारत विश्व को यह संदेश दे रहा है कि आधुनिक विकास और प्रकृति का संरक्षण एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक होने चाहिए। आज दुनिया को भारत की उस जीवन-दृष्टि को समझने और अपनाने की आवश्यकता है, जिसमें प्रकृति के प्रत्येक तत्व के प्रति सम्मान, श्रद्धा और संरक्षण का भाव निहित है।
छठ महापर्व वास्तव में आस्था, तपस्या, अनुशासन और प्रकृति संरक्षण का अद्भुत संगम है। यह पर्व हमें केवल भगवान सूर्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना ही नहीं सिखाता, बल्कि प्रकृति के संरक्षण का दायित्व निभाने की प्रेरणा भी देता है।
इस अवसर पर आर्य जगत की वैदिक विदुषी दर्शनाचार्या विमलेश आर्या, सेवा भारती दिल्ली के इंद्रप्रस्थ कार्यालय मंत्री प्रकाश मिश्र, भाजपा दिल्ली प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री सरदार हरजिंदर सिंह सोढ़ी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर कार्यवाह संजय सिकरिया, सोना नंदिनी सोशल वेलफेयर सोसाइटी के कार्यक्रम संयोजक दिनेश ठाकुर के अतिरिक्त दीपक, कुशेश्वर, अमिशेष ठाकुर, उमेश कुमार व पप्पू जायसवाल समेत अनेक धार्मिक और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।


