हिन्दू त्योहार भारतीय अर्थव्यवस्था को देते हैं गति, स्थानीय हिन्दू व्यापारियों एवं कारीगरों को मिले प्राथमिकता : नीरज दनौरिया
दिल्ली भर में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया छठ महापर्व, नांगलोई के एक कार्यक्रम में क्षेत्रीय संगठन मंत्री नीरज दनौरिया ने हजारों श्रद्धालुओं को किया संबोधित
नई दिल्ली। लोक आस्था एवं सूर्य उपासना का महापर्व छठ दिल्लीभर में श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में अनेक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इसी क्रम में नांगलोई, दिल्ली में 'आपन माटी आपन मंच' के तत्वावधान में भव्य छठ महापर्व कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री नीरज दनौरिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने हजारों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं हिन्दू समाज के लोगों को संबोधित किया।

कार्यक्रम का आयोजन विहिप नांगलोई जिला मंत्री आलोक तिवारी के तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर विहिप के अखिल भारतीय सोशल मीडिया प्रमुख राकेश पांडेय, इंद्रप्रस्थ प्रांत संगठन मंत्री सुबोधचन्द, प्रांत मंत्री सुनील सूरी, प्रांत बजरंगदल सहसंयोजक कुलदीप चौहान, प्रांत प्रचार-प्रसार प्रमुख संजीव कुमार,प्रान्त समरसता प्रमुख ओंकार, विभाग मंत्री सरोत्तम शर्मा, विभाग सह मंत्री सुमन झा सहित विश्व हिन्दू परिषद के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में नीरज दनौरिया ने छठ महापर्व की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और हमारी सनातन परंपराओं का अद्भुत प्रतीक है। यह एक ऐसा अनूठा पर्व है, जिसमें अस्ताचलगामी सूर्य को भी अर्घ्य अर्पित किया जाता है। हमारी संस्कृति हमें सिखाती है कि हम केवल उगते सूर्य की ही नहीं, बल्कि अस्त होते सूर्य की भी समान श्रद्धा से उपासना करते हैं।
उन्होंने हिन्दू समाज से आह्वान किया कि अपने त्योहारों पर स्थानीय हिन्दू दुकानदारों, व्यवसायियों, कारीगरों एवं छोटे उद्यमियों से खरीदारी को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि हिन्दू त्योहार केवल धार्मिक आयोजन नहीं हैं, बल्कि भारतीय अर्थव्यवस्था को गति देने का महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं। त्योहारों के दौरान होने वाली खरीदारी से छोटे व्यापारियों, कुम्हारों, मूर्तिकारों, फूल विक्रेताओं और पारंपरिक कारीगरों को रोजगार एवं आर्थिक संबल मिलता है।
दनौरिया ने अपने संबोधन में सांस्कृतिक आस्था और दृढ़ संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि शुक्रवार वाले कितने भी व्यवधान खड़े कर लें, हम मंगलवार वाले अपनी आस्था के प्रति कृतसंकल्प हैं। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन का स्मरण करते हुए कहा कि एक समय लोग पूछते थे कि अयोध्या में श्रीरामलला का भव्य मंदिर कब बनेगा, लेकिन आज वही मंदिर अपनी भव्यता के शिखर पर खड़ा है। यह करोड़ों रामभक्तों की आस्था, धैर्य, संघर्ष और अटूट संकल्प का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि हिन्दू समाज को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं, त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक एकता एवं संगठन को और मजबूत करना चाहिए।
छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सहभागिता ने छठ महापर्व के प्रति समाज की गहरी आस्था और सांस्कृतिक एकजुटता का परिचय दिया। दिल्लीभर में आयोजित छठ महापर्व के विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन श्रद्धा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का प्रेरक उदाहरण बना।


