भक्तिभाव के साथ मनाई गई गोलोक The Supreme Abode की प्रथम वर्षगांठ 

भक्तिभाव के साथ मनाई गई गोलोक The Supreme Abode की प्रथम वर्षगांठ 

 नोएडा। उत्साह, उल्लास और भक्तिभाव के साथ गोलोक “The Supreme Abode” की प्रथम वर्षगांठ बड़े धूमधाम से मनाई गई। सुबह 8:00 बजे से लेकर रात 9:00 बजे तक कार्यक्रम निरंतर चलता रहा।

गोलोक “The Supreme Abode” की स्थापना का उद्देश्य हमारे समाज के वरिष्ठ नागरिकों (elderly) को ऐसा स्थान प्रदान करना है, जहाँ वे अपने घर जैसा वातावरण अनुभव करें, उन्हें प्रेम और सम्मान प्राप्त हो, वे अपने जीवन के अनुभव साझा कर सकें तथा अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार समाज के लिए कुछ सेवा भी कर सकें। यह केंद्र विशेष रूप से उन वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी है जिन्हें सहारे और स्नेहपूर्ण वातावरण की आवश्यकता है।

8 मार्च को मनाई गई यह पहली वर्षगांठ अत्यंत भक्तिमय और हर्षोल्लासपूर्ण उत्सव के रूप में संपन्न हुई। कार्यक्रम का आरंभ नृसिंह यज्ञ से हुआ। इस यज्ञ के माध्यम से हमने भगवान नृसिंहदेव से विश्व कल्याण और शांति के लिए प्रार्थना की तथा यह कामना की कि समाज में शांति स्थापित हो और सभी लोग सुखपूर्वक एवं शांतिपूर्वक भक्ति कर सकें। इस यज्ञ में श्रीमान राधाकुण्ड प्रभु भी भाग लिये।

नृसिंह यज्ञ के पश्चात सभी उपस्थित भक्तों के लिए प्रसादम की व्यवस्था की गई। इसके बाद सुबह 11:00 बजे से नाम संकीर्तन यज्ञ प्रारंभ हुआ, जो रात 9:00 बजे तक निरंतर चलता रहा। इस संकीर्तन में नोएडा के कई वरिष्ठ भक्त विभिन्न समय पर आकर भगवान के नाम का कीर्तन करते रहे।

सुबह 11:00 बजे सच्चीसुत प्रभु ने कीर्तन का आरंभ किया। उनके बाद सुमुखी ललिता माताजी ने कीर्तन को आगे बढ़ाया। तत्पश्चात नोएडा मंदिर के कमांडर श्रीमान रोहिणी दुलाल प्रभु ने कथा प्रस्तुत की, जिसमें उन्होंने भौतिक जीवन के कष्टों से ऊपर उठकर कैसे प्रसन्न और संतुलित जीवन जिया जा सकता है, इस विषय पर मार्गदर्शन दिया।

कथा के उपरांत दशरथ पुत्र प्रभु ने भगवान की आरती की और शैल सततं प्रभु ने भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया। इसके बाद सभी भक्तों ने बड़े उत्साह के साथ भगवान के नाम का जप करते हुए पुष्पों की होली खेली। इस पुष्प होली में सेक्टर 122 के कई निवासी भी बढ़-चढ़कर शामिल हुए।

हमारे प्रिय पंकज भैया ने दीपक अग्रवाल जी के साथ मिलकर गोलोक की ओर से Food for Life कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 800 दोने प्रसाद का वितरण किया। यह प्रसाद वितरण शाम तक निरंतर चलता रहा। शाम को डिनर प्रसाद के रूप में पूरी, सब्जी, छोले, चावल, सलाद और रसगुल्ला का वितरण किया गया। प्रसाद ग्रहण करने वाले सभी भक्तों और अतिथियों के हृदय संतोष और आनंद से भर गए।

इस सेवा में अनेक भक्तों ने अपना महत्वपूर्ण सहयोग दिया। हमारे मंदिर से वल्लभ निमाई प्रभु, अनंत कथा प्रभु की टीम, राम प्रभु, सुबल गोपाल प्रभु, वैष्णव प्राण प्रभु, श्रीमान जगदानंद पंडित प्रभु तथा अनेक स्वयंसेवकों जैसे करुणा माताजी, सुषांत प्रभु, लक्ष्मण प्रभु, शालिनी माताजी, प्रयाग प्रताप प्रभु, केशव समूह प्रभु, अक्षत प्रभु, नाम सेविका माताजी, हर्ष पंचाल प्रभु, नीरज प्रभु और आयुष प्रभु ने अत्यंत समर्पण के साथ सेवा की।

इस कार्यक्रम में गोलोक के चेयरमैन श्रीमान प्रयांक प्रभु भी पधारे। सेक्टर 122 के RWA अध्यक्ष श्रीमान शिव कुमार तिवारी जी भी कार्यक्रम में उपस्थित हुए। उन्होंने इस प्रकार के कार्यक्रमों को भविष्य में कम्युनिटी सेंटर में आयोजित करने का सुझाव दिया और आश्वासन दिया कि गोलोक को RWA का पूर्ण सहयोग मिलेगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में जन्माष्टमी का भव्य कार्यक्रम भी आयोजित किया जा सकता है।

हमारी सोसाइटी के नोएडा क्लब के श्री कमल शर्मा जी ने भी सुझाव दिया कि सेक्टर के बच्चों के लिए कुछ सांस्कृतिक और नैतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं, जिससे बच्चों के व्यक्तित्व और संस्कारों का विकास हो सके।

गोलोक का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों की सेवा करना तथा समाज में नैतिक शिक्षा (Moral Education) का प्रचार-प्रसार करना है। इस सेवा कार्य में आप सभी का सहयोग हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।