नोएडा में खेल क्रांति को नई गति, अजीत कुमार सिंह आर्चरी एकेडमी पहुंचीं शालिनी सिंह
नोएडा। खेल प्रतिभाओं के प्रोत्साहन एवं युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से नौएडा सिटीजन फोरम (एन.सी.एफ.) की कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती शालिनी सिंह ने नोएडा स्टेडियम स्थित श्री अजीत कुमार सिंह आर्चरी एकेडमी का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद कर उनके प्रशिक्षण, संघर्ष, उपलब्धियों तथा आगामी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों की जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान एकेडमी के मुख्य कोच बलम खानी एवं दानिश चौहान भी उपस्थित रहे।
शालिनी सिंह ने राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही उन्होंने एकेडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे मात्र 5 वर्षीय विराज तथा 63 वर्षीय कर्नल विजय चौधरी से भी विशेष रूप से भेंट की। यह प्रेरणादायक दृश्य इस बात का सशक्त संदेश देता है कि खेल की कोई आयु नहीं होती, बल्कि संकल्प, अनुशासन और जुनून ही एक खिलाड़ी की वास्तविक पहचान हैं।
इस अवसर पर शालिनी सिंह ने खिलाड़ियों के समर्पण, अनुशासन एवं कठिन परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र की खेल उपलब्धियों की मजबूत नींव ऐसे ही समर्पित खिलाड़ियों के अथक प्रयासों पर आधारित होती है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद जिस दृढ़ निश्चय के साथ खिलाड़ी अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर हैं, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा, "यह देखकर अत्यंत गर्व की अनुभूति होती है कि नोएडा में खेल क्रांति का एक सशक्त वातावरण तैयार हो रहा है और इसकी मजबूत नींव हमारी आर्चरी एकेडमी जैसे संस्थानों द्वारा रखी जा रही है।
आज हर आयु वर्ग के खिलाड़ी यहां अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर अभ्यास कर रहे हैं। यही 'खेल क्रांति मुहिम' का वास्तविक उद्देश्य है—हर हाथ में खेल और हर मन में जीत का विश्वास।"
उन्होंने आगे कहा कि "खेल क्रांति मुहिम" केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित अभियान नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य प्रत्येक प्रतिभाशाली खिलाड़ी को उचित अवसर, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, आवश्यक संसाधन और निरंतर प्रोत्साहन उपलब्ध कराना है। खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास तथा राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं।
शालिनी सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि यदि सरकार, शैक्षणिक संस्थान, खेल संगठन, उद्योग जगत एवं समाज मिलकर खेल प्रतिभाओं के विकास के लिए कार्य करें, तो भारत विश्व खेल मंच पर नई ऊंचाइयों को अवश्य प्राप्त करेगा। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से खेल प्रतिभाओं के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एकेडमी के प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों ने भी एनसीएफ द्वारा खेलों के विकास और खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।


