खानदानी जमीदार हूं एक-एक चीज़ का हिसाब लूंगा- सांसद अफजाल अंसारी
गाजीपुर : बसपा सांसद अफजाल अंसारी ने पीएमजीएसवाई से 11 करोड़ की लागत से बने तीन सड़कों के लोकार्पण के दौरान करंडा के बड़सरा में आयोजित कार्यक्रम में सरकार के ऊपर जमकर बरसे। पूरे तेवर में चुनौती देते हुए कहा कि जितने दिन तुम्हारी सरकार की ताकत है, कूद लो। एक-एक का हिसाब होगा। कुर्की और ईडी की कार्रवाई का जिक्र करते कहा कि सत्ता के नशा में विरोधी नेताओं को सताया जा रहा है। चाहे वह महाराष्ट्र में हो बंगाल में हो या दिल्ली।
कहा कि मैं कह दिया हूं कि दूसरी मिट्टी का बना हूं। 40 साल से जुल्म ज्यादती और सामंतवाद के खिलाफ लड़ता हूं। गरीबों की मदद करता हूं। बिल्डिंग, मकान, खेती आधुनिक संसाधन यह लोगों का हिस्सा हो सकता है, लेकिन अफजाल अंसारी का यह हिस्सा नहीं है। तुम खुश हो लो कि अफजाल अंसारी को कुर्की करके कंगाल कर दिया, मेरी असली पूंजी है गरीब जनता है जिसको सरकार भी कुर्क नहीं कर सकती। तुम्हारे बड़े-बड़े सुरमा आए पंजा लड़ाए और गए। 24 में फिर समय आएगा और ऐसी रचना होगी कि जैसे विधानसभा में गाजीपुर में सफाया हुआ वैसे ही पूरे पूर्वांचल में 2024 के चुनाव में निल करा दूंगा। इसी की बेचैनी में मुझे पस्त करने की कोशिश की जा रही है। इस सारी कार्रवाई के खिलाफ संविधान के अनुसार लड़ाई लडूंगा। एक-एक चीज हम लौटा लेंगे। जमीदार खानदान से हूं। बाप-दादा ने बनाया था। पांच बार विधायक रहा, दो बार सांसद रहा हूं। तनख्वाह भी मिलती है, पेंशन भी। हमारी सैकड़ों दुकानें हैं। इस मौके पर सदर विधायक जयकिशुन साहू भी रहे।


