हिमाद्री ने किया नोएडा का नाम रोशन, एकेडमिक एक्सीलेंस अवॉर्ड एवं गोल्ड मेडल से हुई सम्मानित

हिमाद्री ने किया नोएडा का नाम रोशन, एकेडमिक एक्सीलेंस अवॉर्ड एवं गोल्ड मेडल से हुई सम्मानित

नोएडा: वैश्य समाज की प्रतिभाशाली ग्रेटर नोएडा निवासी हिमाद्री ने देश की प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय जामिया मिल्लिया इस्लामिया से मास्टर ऑफ फाइन आर्ट्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए एकेडमिक एक्सीलेंस अवॉर्ड एवं गोल्ड मेडल प्राप्त कर नगर का गौरव बढ़ाया है।

फाइन आर्ट्स फैकल्टी के 75वें वर्ष (हीरक जयंती) के अवसर पर दिनांक 18 अप्रैल, शनिवार को आयोजित समारोह में यह सम्मान उन्हें आर्ट फैकल्टी के संस्थापक अबुल कलाम के नाम पर आयोजित फेस्टिवल के अंतर्गत प्रदान किया गया। इस अवसर पर फैकल्टी की डीन प्रो. बिंदुलिका शर्मा, विभागाध्यक्ष प्रो. मामून नोमानी तथा पेंटिंग विभाग के प्रमुख प्रो. शाह अबुल फैज द्वारा उन्हें गोल्ड मेडल एवं सर्टिफिकेट ऑफ एकेडमिक एक्सीलेंस से सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. मजहर आसिफ ने भी उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

कुमारी हिमाद्री की इस उपलब्धि पर प्रमुख समाजसेवी एवं अंतर्राष्ट्रीय वैश्य संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विनय अग्रवाल ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि वह ग्रेटर नोएडा निवासी अधिवक्ता एवं सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता नवीन कुमार की सुपुत्री हैं।

हिमाद्री की कलाकृतियों की प्रदर्शनी दिल्ली, अमृतसर सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित हो चुकी हैं, जहां उनकी कला को व्यापक सराहना मिली है। उनकी इस उपलब्धि पर खुर्जा जनसमाज (दिल्ली) के अध्यक्ष श्री शिव कुमार (सीनियर डायरेक्टर, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, सेवानिवृत्त), श्री एस. के. गोयल (सीएमडी, इंफिनिटी एसके ग्रुप एवं होटल द मेरिटॉन) व अंतर्राष्ट्रीय वैश्य संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री जीतेंद्र अग्रवाल, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी मनीष गुप्ता, सहित दिल्ली के अनेक प्रतिष्ठित चित्रकारों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।