नारी रक्षा संकल्प के अंतर्गत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन, 450+ महिलाओं और युवतियों ने लिया जोशपूर्ण भाग
नोएडा। महिला समन्वय द्वारा सेक्टर-12 में 'ऑपरेशन सिंदूर' अभियान के तहत एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस आयोजन में 450 से अधिक महिलाओं और युवतियों ने पूरे उत्साह और गर्व के साथ भाग लिया। हाथों में तिरंगा और हृदय में देशभक्ति की भावना लिए महिलाओं ने जब जयघोष के साथ पदयात्रा की, तो नोएडा की हवा देशप्रेम से भर उठी।

इस यात्रा का नेतृत्व महिला समन्वय की विभाग संयोजिका मोनिका चौहान सह-संयोजिका रश्मि, तथा टोली की सक्रिय सदस्याएँ प्रवेश शर्मा और अनीता ने किया।
इस अवसर पर महिला समन्वय की विभाग संयोजिका मोनिका चौहान ने कहा कि"यह तिरंगा यात्रा केवल एक प्रतीकात्मक आयोजन नहीं, बल्कि एक जागरण है— नारीशक्ति का, संस्कारों का और राष्ट्रप्रेम का। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से हम हर महिला को प्रेरित कर रहे हैं कि वह अपने भीतर की शक्ति को पहचाने और राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए।"

कार्यक्रम में मौजूद प्रवेश शर्मा ने कहा कि"हर हाथ में तिरंगा, हर कदम में विश्वास— यही हमारे अभियान का संकल्प है। महिला समन्वय का उद्देश्य महिलाओं को एकजुट कर राष्ट्र के लिए एक सशक्त सामाजिक आंदोलन खड़ा करना है।"

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के अंतर्गत यह तिरंगा यात्रा देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित की जा रही है, जो नारीशक्ति के जागरण और भारत की सांस्कृतिक चेतना को जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम बन रही है।
आज नोएडा के सेक्टर-12 ने नारीशक्ति के इस ऐतिहासिक संगठित स्वरूप को देखा और पूरे क्षेत्र में तिरंगे के सम्मान और महिलाओं की जागरूकता का संदेश गूंज उठा।


