युवा क्रांति सेना की बैठक में पैरा खेल महाकुंभ 2026 को लेकर व्यापक रणनीति तय

युवा क्रांति सेना की बैठक में पैरा खेल महाकुंभ 2026 को लेकर व्यापक रणनीति तय

युवा क्रांति सेना की महत्वपूर्ण बैठक सेक्टर 62 स्थित श्री मंगलम कॉलेज ऑफ लॉ एंड मैनेजमेंट में सेना के चेयरमैन लोकेश चौहान की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी जून माह में प्रस्तावित “पैरा खेल महाकुंभ 2026” के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा सभी पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं।
बैठक के दौरान “सक्षम एनसीआर” अभियान पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके अंतर्गत सार्वजनिक स्थलों को दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के अनुकूल बनाने हेतु रैंप निर्माण का निर्णय लिया गया।

बैठक में यह भी तय किया गया कि युवा क्रांति सेना के प्रतिनिधि जल्द ही नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से मुलाकात कर शहर के सभी सार्वजनिक स्थलों को सुलभ एवं समावेशी बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएंगे। “पैरा खेल महाकुंभ 2026” का आयोजन सलाहकार ओमवीर यादव, संरक्षक लीगल रणपाल अवाना एवं दीपक शंखधर के नेतृत्व में किया जाएगा।

यह महाकुंभ नोएडा और पूर्वी दिल्ली, दोनों स्थानों पर आयोजित होगा, जिसमें देशभर के खिलाड़ी भाग लेंगे।

इस अवसर पर युवा क्रांति सेना के अध्यक्ष अविनाश सिंह ने बताया कि महाकुंभ के अंतर्गत आर्चरी, शूटिंग, बैडमिंटन, पावरलिफ्टिंग, लॉन्ग जंप, हाई जंप एवं शॉटपुट व जैवलिन थ्रो जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में अंतरराष्ट्रीय स्तर के द्रोणाचार्य पुरस्कार एवं पद्मश्री से सम्मानित विशिष्ट व्यक्ति और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ी भी भाग लेकर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे।

इसके साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों की सहायता हेतु युवा क्रांति सेना ने हेल्पलाइन नंबर 8595950026 जारी किया है। पैरा खेल महाकुंभ का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि दिव्यांग एवं आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों को एक सशक्त मंच प्रदान करना है। नोएडा को खेलों का ऐसा हब बनाया जाए, जहाँ हर वर्ग का खिलाड़ी बिना किसी आर्थिक बाधा के प्रशिक्षण प्राप्त कर सके। बैठक में महासचिव किरणपाल प्रधान, गौरव मेहरोत्रा, सुनैना सिंह, अंकुर शर्मा, डॉ प्रदीप चौहान, आकाश शर्मा, अनूप चतुर्वेदी, रुद्र प्रताप सिंह, बाबू प्रधान आदि मौजूद थे।