गाजीपुर के माननीय को मिला राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार का पद

गाजीपुर खानपुर। योगी आदित्यनाथ ने अपने कैबिनेट संग लगातार दूसरी बार शपथ ग्रहण व कार्यभार ग्रहण करके कीर्तिमान रच दिया है। इस शपथ ग्रहण के साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के लिए व्याप्त कई मिथकों को भी तोड़ दिया है। शुक्रवार की शाम को योगी आदित्यनाथ ने अपने कैबिनेट संग पद व गोपनियता की शपथ लखनऊ के इकाना स्टेडियम में ली। चुनाव के दौरान गाजीपुर में 7 सीटें हारने के बाद भले ही भाजपाजन हताश हों, लेकिन गाजीपुर निवासी जनप्रतिनिधि को योगी सरकार ने अपने कैबिनेट में शामिल किया है। खानपुर के सिधौना के मूल निवासी व पूर्वांचल विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र दयालु को योगी सरकार में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया है। जिसके बाद क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। इस खबर के मिलने के बाद जनपदवासियों के चेहरे पर मुस्कान छा गई। सिधौना में प्राथमिक शिक्षा ग्रहण करने वाले दयाशंकर मिश्र की स्नातक तक की शिक्षा बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में हुई। वहीं छात्र नेता रहने के दौरान कांग्रेस से राजनीति में उतरे। वर्ष 2013 में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली तो पार्टी ने उन्हें पूर्वांचल विकास बोर्ड में उपाध्यक्ष का पद देकर पुरस्कृत किया। वर्तमान में दयालु वाराणसी के डीएवी कॉलेज के प्रिंसिपल पद पर तैनात हैं। इनके पिता स्व. रामाधार मिश्र रेलवे में टिकट निरीक्षक पद पर रहे। राज्यमंत्री चार भाईयों में सबसे छोटे हैं।