चैलेंजर्स ग्रुप ने 42 बच्चों को मुख्य धारा से जोड़ पहुँचाया स्कूल
चैलेंजर्स ग्रुप द्वारा सेक्टर 22, नॉएडा स्थित निशुल्क शिक्षा केंद्र पर पढ़ने वाले 42 बच्चों ने एंट्रेंस परीक्षा के माध्यम से राजकीय व बालिका इंटर कॉलेजों जैसे संस्थानों में अपना प्रवेश सुनिश्चित किया है। चैलेंजर्स ग्रुप के संस्थापक प्रिंस शर्मा ने बताया कि ये वही बच्चे हैं जो आज से कुछ वर्ष पहले तक कलम और कॉपी से दूर भागा करते थे। शिक्षा से उनका जुड़ाव बेहद सीमित था,
आज यही बच्चे सैकड़ों विद्यार्थियों के बीच एंट्रेंस परीक्षा में अपनी प्रतिभा के दम पर चयनित होकर पाठशाला में पढ़ रहे बाकि बच्चों के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। उन्होंने बताया कि चैलेंजर्स की पाठशाला का उद्देश्य केवल बच्चों को पढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास, अनुशासन और सपने देखने की शक्ति देना भी है।
बच्चों की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि सही दिशा और अवसर मिले, तो कोई भी बच्चा अपनी परिस्थितियों से ऊपर उठकर सफलता प्राप्त कर सकता है।
ये उपलब्धि मात्र इन बच्चों की नहीं बल्कि इनके पीछे लगे संस्था के उन प्रत्येक सदस्यों की है जिन्होंने बच्चों की जरूरतों को समझा और उसपर काम किया, शिक्षा को अपना हथियार बना संस्था निरंतर पिछले 9 वर्षों से ऐसे 400 से अधिक बच्चों को मुख्य धारा से जोड़कर को शिक्षित करने का कार्य कर रही है जिनके लिए स्कूल जाना एकमात्र सपना था इस यात्रा के दौरान रोशनी, गीतिका, तन्नू, अंजलि, सुमन आदि साथी मौजूद रहे


