कैंसर से जूझ रहे मरीज को संतुष्टि सेवा फाउंडेशन ने उपलब्ध कराई सक्शन मशीन
नोएडा। मानवता की सेवा के अपने संकल्प को आगे बढ़ाते हुए "संतुष्टि सेवा फाउंडेशन" ने सेक्टर-12, नोएडा निवासी 67 वर्षीय सतीश कुमार गौड़, जो वर्तमान में गले के कैंसर से जूझ रहे हैं, उनको उपचार में आवश्यक सक्शन मशीन उपलब्ध कराकर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया।
सतीश कुमार गौड़ लंबे समय से गले की गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। सांस लेने में अत्यधिक कठिनाई होने के कारण चिकित्सकों द्वारा उनकी श्वास नली में ट्रेकियोस्टॉमी (Tracheostomy) कर नली लगाई गई है, जिसकी नियमित सफाई के लिए सक्शन मशीन की आवश्यकता होती है। हाल ही में प्राप्त अंतिम चिकित्सकीय रिपोर्ट में उनके वोकल कॉर्ड (स्वर तंतु) में कैंसर की गांठ की पुष्टि हुई है। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उन्हें आगे के उपचार हेतु रेडियोथैरेपी कराने की सलाह दी है।
सतीश कुमार गौड़ की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति एवं आर्थिक कठिनाइयों की जानकारी समाजसेवी मनमोहन पोरवाल द्वारा संतुष्टि सेवा फाउंडेशन को दी गई। सूचना प्राप्त होते ही संस्था ने उनके चिकित्सकीय दस्तावेजों एवं रिपोर्ट का परीक्षण कर मानवीय आधार पर तत्काल सक्शन मशीन उपलब्ध कराई, जिससे उनके उपचार एवं दैनिक देखभाल में महत्वपूर्ण सहायता मिल सके।
इस अवसर पर संतुष्टि सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष नवीन पोरवाल ने कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद एवं गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों तक समय पर सहायता पहुँचाना है। उन्होंने समाज के सक्षम एवं संवेदनशील नागरिकों से अपील की कि ऐसे जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए आगे आएँ, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी व्यक्ति के उपचार में बाधा न बने।
संतुष्टि सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष नवीन पोरवाल एवं उनकी टीम डॉ. शैलेंद्र पोरवाल, सुरेंद्र गर्ग, डॉ. एस.पी. जैन, उदय सिंह, वीरेश पाल, अमन चौहान, सरवन गुप्ता सहित सभी सदस्यों ने सतीश कुमार गौड़ के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं सफल उपचार की ईश्वर से कामना करते हुए भविष्य में भी संस्था की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।


