बिरनो क्षेत्र मे बंद मिला सामुदायिक शौचालय, सचिव पर गिरी गाज

बिरनो क्षेत्र मे बंद मिला सामुदायिक शौचालय, सचिव पर गिरी गाज

जिला पंचायत राज अधिकारी ने शनिवार को बिरनो के तीन ग्राम पंचायत कोड़री, धनेसपुर, बद्धोपुर के सामुदायिक शौचालय का स्थलीय सत्यापन किया। इस दौरान मौके पर सामुदायिक शौचालय बंद पाया गया, जिससे निर्धारित समय से खोलने का निर्देश दिया गया। साथ ही संबंधित सचिव के खिलाफ कार्यवाई का निर्देश दिया।

स्वच्छता अभियान के तहत जनपद के 1190 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय पूर्ण हो चुके हैं। ऐसे में इन शौचालय के खुलने के लिए सुबह पांच बजे से दस बजे और शाम चार से आठ बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। साथ ही इसकी साफ-सफाई से लेकर देखरेख के लिए समूह की महिलाओं को तैनात किया गया है। बावजूद भी स्थित यह है कि अभी भी नवनिर्मित सामुदायिक शौचालय समय से खुलना तो दूर अधिकांश जगहों पर ताला लटका हुआ है।

डीपीआरओ अंशुल मौर्या ने बिरनो ब्लाक के तीन ग्राम पंचायतों में शामिल कोड़री, धनेसपुर एवं बद्धोपुर का निरीक्षण किया। जहां शौचालय बंद मिले। इस पर नाराजगी जताते हुए संबंधित सचिव के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। जनपद के सभी ग्राम पंचायतों के सामुदायिक शौचालय का सत्यापन कराया जा रहा है। एबीएम वार रूम से केयर टेकर को फोनकर सत्यापन कार्य जारी है। अगरसामुदायिक शौचालय समय से खोला नहीं गया तो सचिव के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।