खेतो मे पराली जलाने पर 32 पर नोटिस जारी
गाजीपुर खेतों में पराली जलाने के मामले को लेकर तहसील प्रशासन सख्त है। इस पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सेवराई तहसील क्षेत्र के खेतों में पराली जलाने पर सेवराई एसडीएम राजेश प्रसाद चौरसिया ने 32 किसानों को नोटिस जारी किया है।
अभियान चलाकर किसानों को खेतों में पराली न जलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। बावजूद इसके कई स्थानों पर इस पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। एसडीएम राजेश प्रसाद चौरसिया ने बताया कि तहसील क्षेत्र के उसियां गांव 24, सेवराई में 6 और मिश्रवलिया में दो किसानों को खेतों में पराली जलाने के लिए तहसीलदार द्वारा नोटिस निर्गत की गई है। किसानों से जवाब मांगा गया है। किसानों द्वारा यदि पराली जलाने के कारण का संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता है तो अर्थदंड लगाने का प्रावधान है।


