NCF आपके द्वार: हरौला में नागरिकों के साथ हुई क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं पर चर्चा

NCF आपके द्वार: हरौला में नागरिकों के साथ हुई क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं पर चर्चा

नौएडा: नौएडा सिटीजन फोरम (NCF) की ओर से आज हरौला ग्राम, सेक्टर-9 में “NCF आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरौला ग्राम एवं आसपास के क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों और गणमान्य जनों ने सहभागिता की तथा नौएडा एवं ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं एवं महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने क्षेत्र की सड़क, जलनिकासी, सफाई, सुरक्षा, मूलभूत सुविधाओं, विकास कार्यों तथा गांवों से जुड़े नागरिक हित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उपस्थित नागरिकों ने अपनी समस्याओं को NCF के समक्ष रखा और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों एवं प्रशासन के स्तर पर प्रभावी पहल की आवश्यकता पर जोर दिया।

NCF की कार्यकारी अध्यक्षा शालिनी सिंह ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि नागरिकों द्वारा उठाए गए विषयों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उचित स्तर पर रखा जाएगा तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर NCF के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरिदत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष प्रदीप यादव, इंद्रजीत प्रधान, शिव कुमार शर्मा, ब्रह्मदत्त शर्मा, सुनील शर्मा, निशांत एवं मोहित सहित क्षेत्र के सम्मानित जन उपस्थित रहे।

नौएडा सिटीजन फोरम का उद्देश्य “NCF आपके द्वार” अभियान के माध्यम से नौएडा के विभिन्न सेक्टरों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को जानने और उनके समाधान के लिए निरंतर संवाद एवं प्रयास करना है.