जश्न-ए-तजुर्बात 2026 में 90 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान
नोएडा। अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के उपलक्ष्य में ‘जश्न-ए-तजुर्बात 2026’ का आयोजन इंदिरा गांधी कला केंद्र, बी-110 में ओम विश्रांति चैरिटेबल सोसायटी एवं नवरत्न फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में 90 वर्ष और उससे अधिक आयु के अति वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया तथा उनके परिवारों के प्रति भी आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम की विशेषता रही कि वरिष्ठ नागरिकों ने ही अपने साथी वरिष्ठों के सम्मान में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रसिद्ध अभिनेता धर्मेंद्र के सदाबहार गीतों पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम ने सभागार में उत्साह भर दिया। कई वरिष्ठ नागरिक गीतों पर झूमते और नृत्य करते नजर आए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विमला बाथम, डाक्टर एन पी सिंह, संजय बाली एवम विनोद मिश्रा रहे।
इस अवसर पर ओम विश्रांति चैरिटेबल सोसायटी की अध्यक्षा ज्योति सक्सेना ने कहा कि वृद्धावस्था में भोजन के साथ दवाइयों, देखभाल, भावनात्मक साथ और सम्मान की आवश्यकता भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि अनेक वरिष्ठ नागरिकों ने अपना पूरा जीवन परिवार को संवारने में लगा दिया, लेकिन आज आर्थिक और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण वे अकेलेपन तथा असुरक्षा का सामना कर रहे हैं। ऐसे बुजुर्गों को सम्मानजनक जीवन देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
ज्योति सक्सेना के प्रयासों से वृंदावन में ‘ओम विश्रांति मातृत्व सदन’ संचालित है, जहां देश के विभिन्न हिस्सों से आई जरूरतमंद वृद्ध महिलाओं को आश्रय और देखभाल दी जा रही है। कार्यक्रम में इन महिलाओं को विशेष रूप से वृंदावन से नोएडा लाया गया। उन्हें दिल्ली दर्शन और हरिद्वार में स्नान भी कराया गया, ताकि वे स्वयं को समाज की मुख्यधारा से जुड़ा और सम्मानित महसूस कर सकें।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि वरिष्ठ नागरिक समाज पर बोझ नहीं, बल्कि हमारे अनुभव, संस्कार और जीवन की अमूल्य धरोहर हैं। कार्यक्रम के सूत्रधार नवरत्न फाउंडेशन के डॉ. अशोक श्रीवास्तव रहे। कार्यक्रम का समापन रात करीब 9 बजे हुआ।


