गोपाष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन 17 नवम्बर को
नोएडा: श्री जी गौ सदन द्वारा गोपाष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन 17 नवम्बर 2026, मंगलवार को किया जाएगा। श्री जी गौ सदन आज गोवंश संरक्षण एवं सेवा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। यहां वर्तमान में लगभग 1850 गौमाताओं एवं गोवंश का संरक्षण एवं पालन-पोषण किया जा रहा है। गौशाला में लगभग 100 गौसेवक अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं तथा उनके आवास की भी व्यवस्था है। गौवंश की समुचित देखभाल के लिए लगभग 27 बाड़े, 6 भूसा घर तथा एक गौ प्रयोगशाला स्थापित है। इसके अतिरिक्त गौशाला में विभिन्न गौ-उत्पाद भी उपलब्ध हैं। इतनी बड़ी संख्या में गोवंश के संरक्षण, चारे, चिकित्सा एवं देखभाल की व्यवस्थाओं का संचालन समाज के सहयोग एवं गौसेवकों के समर्पण से किया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दीपांकर महाराज होंगे।
इस अवसर पर गुरु माँ गीतेश्वरी का पावन आशीर्वचन प्राप्त होगा। समारोह में गरिमामयी उपस्थिति के रूप में डॉ. महेश शर्मा, सांसद गौतमबुद्ध नगर एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री, भारत सरकार; श्याम बिहारी गुप्ता, अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग; पंकज सिंह, विधायक, नोएडा; जे.के. दादू, आईएएस, पूर्व सचिव, भारत सरकार तथा आर.एन. मिश्रा, आईपीएस, पूर्व डीआईजी, उत्तर प्रदेश उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सी.ए मनोज बंसल करेंगे तथा स्वागत अध्यक्ष के रूप में सी.ए आर.के. अग्रवाल रहेंगे और कार्यक्रम के संयोजक सी.ए महेश बाबू गुप्ता होंगे |
महोत्सव का शुभारंभ प्रातः 8 बजे गौपूजन एवं भजन कार्यक्रम से होगा। प्रातः 10 बजे मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा तथा प्रातः 11:30 बजे नवनिर्मित गौ-बाल आश्रय गृह एवं हवन स्थल का लोकार्पण होगा। दोपहर 12 बजे से भंडारा एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा।
श्री जी गौ सदन, नोएडा के अध्यक्ष सी.ए विकास अग्रवाल, महासचिव सुशील भारद्वाज, कोषाध्यक्ष सी.ए संजय कुमार गुप्ता एवं समस्त कार्यकारिणी ने बताया कि गौशाला का संकल्प केवल गोवंश को आश्रय देना ही नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग, गौसेवकों के अथक परिश्रम एवं दानदाताओं के समर्पण से गौसेवा के इस पुनीत कार्य को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।
सभी गौभक्तों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, गणमान्य नागरिकों तथा शहरवासियों से गोपाष्टमी महोत्सव में सम्मिलित होकर गौसेवा के इस पुनीत अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम स्थल: श्री जी गौ सदन, सेक्टर-94, नोएडा
दिनांक: 17 नवम्बर 2026, मंगलवार


