पूर्व मंत्री डीपी यादव का जन्मदिन धूमधाम से मनाया, गुन्नौर से गगन यादव को बनाया प्रत्याशी
नोएडा/बदायूं। राष्ट्रीय परिवर्तन दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री डी. पी. यादव का जन्मदिन उनके समर्थकों ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया।
नोएडा में समर्थकों ने केक काटकर जन्मदिन मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। उन्होंने पूर्व मंत्री डी. पी. यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री डी. पी. यादव ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक ऐलान किया। उन्होंने गुन्नौर विधानसभा सीट से गगन यादव को राष्ट्रीय परिवर्तन दल का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया। इस घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं ने तालियों और नारों के साथ उनका स्वागत किया।
डी. पी. यादव ने कहा कि राष्ट्रीय परिवर्तन दल प्रदेश की राजनीति में एक मजबूत विकल्प बनकर उभर रहा है, उन्होंने दावा किया कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की 100 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों एवं जनहित के मुद्दों को पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय परिवर्तन दल विकास, किसानों, युवाओं और आम जनता के हितों को प्राथमिकता देते हुए चुनाव मैदान में उतरेगा।
इस अवसर पर विजय यादव, ठाकुर खजान सिंह टोकस (तैराकी में स्वर्ण पदक विजेता), सतपाल यादव, मुकेश यादव, के साथ साथ बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।


