10‑दिवसीय बाल व्यक्तित्व विकास शिविर हर्षोल्लास के संपन्न
नोएडा। सूर्या फाउंडेशन एजुकेशनल विंग स्कूल भारती ऑर्गेनाइजेशन SBO द्वारा शैलजा कॉन्वेंट स्कूल, नोएडा में 10‑दिवसीय बाल व्यक्तित्व विकास शिविर का समापन समारोह अत्यंत उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
इस शुभ अवसर पर दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक प्रार्थना से कार्यक्रम की विधि पूर्वक शुरुआत हुई, जिसके पश्चात मुख्य अतिथि प्रकाश (उपाध्यक्ष, अखिल भारतीय उच्च शिक्षा संस्थान विद्या भारती), माखनलाल (भारतीय शिक्षण बोर्ड, एफिलिएशन डायरेक्टर), वेद प्रकाश (पूर्व असिस्टेंट बेसिक शिक्षा अधिकारी), महेश चौहान (महानगर अध्यक्ष, भाजपा नोएडा), दिनेश चौहान (स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष), देवेंद्र चौहान (नगर संघचालक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नोएडा) तथा प्रमोद (प्रमुख,आदर्श गांव योजना - सूर्या फाउंडेशन ) ने बच्चों को प्रेरित उद्बोधन देते हुए कहा कि व्यक्तित्व विकास केवल विद्या तक सीमित नहीं है, बल्कि नैतिक मूल्यों, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का माध्यम भी है। इस विशिष्ट अवसर पर नोएडा के नौ अन्य विद्यालयों के अध्यक्ष, प्रिंसिपल और मैनेजर भी उपस्थित रहे, जो इस शिविर की महत्ता को और बढ़ाते हैं।
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया। पारंपरिक नृत्य, मनमोहक गीत, प्रेरक कविताएँ और जीवन अनुभवों से ओत-प्रोत नाटकीय मंचन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन प्रस्तुतियों में बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली। शिविर के दस दिनों के दौरान बच्चों ने संवाद कला, समूह नेतृत्व, समय प्रबंधन, आत्मरक्षा, टीम वर्क, रचनात्मक कला तथा स्वास्थ्य व स्वच्छता की महत्वपूर्ण कार्यशालाओं में भाग लिया, जिससे उनकी व्यक्तिगत और सामाजिक क्षमताओं में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
समापन कार्यक्रम के दौरान बच्चों को सम्मान–पत्र, प्रशंसा–पत्र और प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए, जिससे उनमें आत्म–संतोष और गौरव की भावना की अभिव्यक्ति हुई। कार्यक्रम के समाप्ति के बाद प्रधानाचार्या श्रीमती प्रवेश शर्मा ने इस प्रकार के शिविरों को बच्चों के सर्व‑आयामी विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए आयोजकों, अतिथियों शिक्षकों का धन्यवाद व्यक्त किया। इस भावपूर्ण समारोह ने न केवल बच्चों को एक नई दिशा दी, बल्कि शिक्षा में सर्वग्राह्य मूल्य एवं नैतिक शिक्षा के महत्व को भी उजागर किया।इस अवसर पर अमित त्यागी, भूपेश चौधरी, विशाल गोयल,जितेंद्र स्वामी, मनोज चौहान, ठाकुर उज्जवल सिंह, कृष्ण गोपाल, आशिष्वर ,हरविंदर,रेखा चौहान,राकेश शर्मा आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे


