हजारों लोगों ने लिया प्लास्टिक मुक्त भारत का संकल्प, योग दिवस पर दिखी नई सोच

हजारों लोगों ने लिया प्लास्टिक मुक्त भारत का संकल्प, योग दिवस पर दिखी नई सोच

नोएडा। विश्व योग दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य योग कार्यक्रम में हजारों लोगों ने योगाभ्यास के साथ प्लास्टिक मुक्त भारत का संकल्प लेकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक मजबूत संदेश दिया। स्वास्थ्य, स्वच्छता और प्रकृति संरक्षण को समर्पित इस आयोजन ने समाज के सामने जिम्मेदार जीवनशैली का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

ग्लोबल योगा मिशन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष प्रेम बख्शी एवं कोषाध्यक्ष राकेश भंडूला की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर युवा शक्ति (YSS Foundation) के अध्यक्ष सचिन गुप्ता ने कहा कि योग केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ संतुलित और उत्तरदायी जीवन जीने की प्रेरणा भी है।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अनंत प्लेट बैंक परियोजना रही, जिसके अंतर्गत भोजन, पानी एवं चाय की व्यवस्था पूरी तरह स्टील के बर्तनों में की गई। बर्तन बैंक समन्वयक दुर्गा प्रसाद दुबे के नेतृत्व में इस पहल ने हजारों डिस्पोजेबल प्लेटों, गिलासों एवं प्लास्टिक कचरे के उपयोग को रोककर एक शून्य-अपशिष्ट (Zero Waste) आयोजन का सफल उदाहरण प्रस्तुत किया।

सचिन गुप्ता ने कहा, "योग हमें स्वयं से जोड़ता है और प्रकृति हमें जीवन देती है। यदि प्रत्येक सामाजिक और पारिवारिक आयोजन में डिस्पोजेबल वस्तुओं के स्थान पर स्टील के बर्तनों का उपयोग किया जाए, तो हम पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आर्थिक बचत भी सुनिश्चित कर सकते हैं।"

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित हजारों लोगों ने अपने आयोजनों को प्लास्टिक मुक्त बनाने तथा पुनः उपयोग योग्य स्टील के बर्तनों को अपनाने का संकल्प लिया।

"योग अपनाओ, प्लास्टिक हटाओ — स्टील अपनाओ, भविष्य बचाओ।"