अखिल भारतीय युवा सनातन शक्ति संस्था ने चलाया यमुना स्वच्छता अभियान, गौशाला में हुआ हवन
नई दिल्ली/नोएडा। अखिल भारतीय युवा सनातन शक्ति संस्था एवं 39 जी.आर. यमुना टास्क फोर्स (भारतीय सेना) के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को माँ यमुना के पावन आईटीओ घाट पर "स्वच्छ मिशन यमुना" अभियान का आयोजन किया गया।
प्रातः 8:00 बजे से 9:00 बजे तक चले इस अभियान में संस्था के स्वयंसेवकों, यमुना टास्क फोर्स के सैनिकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने श्रमदान कर यमुना घाट की सफाई की। इस दौरान प्लास्टिक, पॉलीथीन, टूटी-फूटी मूर्तियाँ, दवाइयों के रैपर, इंजेक्शन तथा अन्य अपशिष्ट सहित लगभग 100 से अधिक ट्रे/बोरियों के बराबर कचरा एकत्र कर उसका उचित निस्तारण कराया गया।
संस्था के संरक्षक राम बहल चौधरी ने कहा कि यमुना हमारी सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक धरोहर है। इसकी स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति समय-समय पर श्रमदान करे, तो स्वच्छ एवं निर्मल यमुना का लक्ष्य अवश्य प्राप्त किया जा सकता है।
स्वच्छता अभियान के उपरांत संस्था की टीम सेक्टर-94, नोएडा स्थित श्री जी गौ सदन पहुँची, जहाँ वैदिक मंत्रोच्चार एवं हवन-पूजन के साथ पूजा-अर्चना की गई। इस पावन अवसर पर सभी ने माँ यमुना, गौ माता एवं राष्ट्र की समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद दुबे, बालकिशन तिवारी, संदीप यादव, सुमित शुक्ला, रोहित राय, आस्तिक शुक्ला एवं दीपक सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं 39 जी.आर. यमुना टास्क फोर्स की ओर से सूबेदार रतन सिंह, सूबेदार महेंद्र रमोला एवं हवलदार दीपेन राय सहित भारतीय सैनिकों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
अंत में संस्था ने आमजन से अपील की कि यमुना में किसी भी प्रकार का कचरा, प्लास्टिक अथवा धार्मिक सामग्री प्रवाहित न करें तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।


