नोएडा में श्रीजगन्नाथ रथयात्रा भव्यता के साथ सम्पन्न

नोएडा में श्रीजगन्नाथ रथयात्रा भव्यता के साथ सम्पन्न

 नोएडा । नोएडा सेक्टर-121 स्थित गरही चौखंडी के श्रीजगन्नाथ मंदिर में वार्षिक रथयात्रा महोत्सव इस वर्ष भी अपार श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। भोर पांच बजे भगवान जगन्नाथ, बलभद्र, सुभद्रा और सुदर्शन की मंगल आरती के साथ शुभारंभ हुआ। सुबह 11 बजे रथ की स्थापना एवं पारंपरिक विधियों का आयोजन संपन्न हुआ, जिसके बाद दोपहर को भगवान को विशेष रूप से तैयार किए गए 56 प्रकार के भोग अर्पित किए गए। दोपहर 1:30 बजे महाप्रसाद का वितरण भक्तों के बीच किया गया। इस पावन आयोजन में लगभग 15,000 श्रद्धालुओं ने अपने परिवार सहित भाग लिया।

दोपहर दो बजे 'पाहंडी बीजे' की रस्म प्रारंभ हुई, जिसमें सेवकों द्वारा चारों विग्रहों को 24 फीट ऊंचे रंग-बिरंगे रथ पर विधिपूर्वक विराजमान किया गया। पूरा वातावरण 'हरिबोल' और 'जय जगन्नाथ' के गगनभेदी नारों से गुंजायमान हो उठा। रथयात्रा की खास बात यह रही कि भक्तों ने रथ को लगभग तीन किलोमीटर दूर सेक्टर-71 स्थित बाबा बालकनाथ मंदिर तक खींचते हुए भगवान को मौसी के घर तक पहुंचाया। रथ के वहां पहुंचने पर भक्तों की श्रद्धा और भावनाओं का दृश्य अत्यंत भावुक और अविस्मरणीय रहा। भगवान की मूर्तियों को मौसीबाड़ी में विशेष वेदी पर रात्रि में स्थापित किया गया, जहां वे 5 जुलाई तक पूजित रहेंगे। इसके उपरांत बहुड़ा यात्रा के साथ विग्रह पुनः श्रीमंदिर लौटेंगे।

इस पवित्र आयोजन की गरिमा को बढ़ाने के लिए कई विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहे, जिनमें गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, पूर्व विधायक विमला बाथम, पूर्व मंत्री नवाब सिंह नगर, वृंदावन से पधारे स्वामी भाईया महाराज, गुरुजी गौतम ऋषिजी, जिलाधिकारी मनीष वर्मा और अन्य प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहे।

पूरे आयोजन की रूपरेखा और संचालन श्रीजगन्नाथ मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा कुशलतापूर्वक संपन्न किया गया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष विश्वनाथ त्रिपाठी, महासचिव डॉ. मनोरंजन मोहंती, उपाध्यक्ष प्रमोद बल और निगमानंद मोहंती, संयुक्त सचिव धनेश्वर नायक, एवं कार्यकारिणी सदस्य दिलीप स्वैन, अक्षय स्वैन, प्रशांत खिल्लार, अभिमन्यु परिडा, रमेश नायक, प्रकाश राय, ए.आर. परीजा, भरत प्रधान और किशोर परिडा सहित सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा।